Bihar News: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य सरकार युवाओं को एक करोड़ सरकारी नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विकास विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है, ताकि युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण मिल सके।
कौशल आधारित सम्मानजनक रोजगार पर जोर
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार चाहती है कि बिहार के युवा मजदूरी करने नहीं, बल्कि सम्मानजनक और कौशल आधारित रोजगार के लिए देश और दुनिया में जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी युवाओं के कौशल विकास को सबसे अहम मानते हैं।
Bihar News: एनडीए सरकार की उपलब्धियां
सम्राट चौधरी ने कुशल युवा सम्मेलन 2025 की सराहना करते हुए कहा कि यह पिछले नौ वर्षों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को साकार कर रहा है। अब तक 32 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 2020 में एनडीए ने 10 लाख सरकारी नौकरियों और 10 लाख रोजगार का वादा किया था, जिसके तहत पिछले पांच वर्षों में 52 लाख लोगों को नौकरी और रोजगार दिया गया।
औद्योगिक विकास और भविष्य की योजनाएं
उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से प्रगति कर रहा है। कोऑपरेटिव मॉडल और जनभागीदारी से विकास को गति दी जा रही है। अगले पांच वर्षों में 25 नई चीनी मिलें स्थापित की जाएंगी। साथ ही पीपीपी मॉडल, डिफेंस कॉरिडोर, उद्योग और कौशल आधारित रोजगार बिहार की नई पहचान बन रहे हैं। जिलों में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जा रहे हैं, ताकि छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े।
ये भी पढ़ें… 28 साल का वनवास और एक सरकारी फॉर्म: जब मुर्दा मान लिए गए चाचा अचानक लौटे घर







