Bijapur Naxal Operation: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आईईडी और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए विस्फोटक और माओवादी सामग्री को जब्त किया गया।
ताड़पाला बेस एरिया में दो आईईडी मिले
थाना उसूर क्षेत्र के ताड़पाला बेस एरिया में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 229वीं वाहिनी की टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान नाले के पास दो आईईडी बरामद किए गए। इनमें एक बियर बोतल में और दूसरा बीजीएल में लगाया गया था। दोनों को अत्यंत खतरनाक माना जा रहा था।
Bijapur Naxal Operation: जमीन में डंप थी विस्फोटक सामग्री
आगे की तलाशी में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी सामान मिला। बरामद सामग्री में 40 बीजीएल, 35 बीजीएल राउंड, 90 बैटरियां, लोहे की पाइप, कच्चे ग्रेनेड बनाने का सामान, लोहे की प्लेट, मशीन के पार्ट्स, आयरन कटर ब्लेड, प्लास्टिक ड्रम, स्टील ट्रंक और वाटर पंप शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने सभी सामग्री को कब्जे में ले लिया।
Bijapur Naxal Operation: भोपालपटनम क्षेत्र में चार आईईडी नष्ट
थाना भोपालपटनम क्षेत्र के कोंडापड़गु इलाके में 22वीं और 214वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग अभियान चलाया। इस दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए चार बियर बोतल आईईडी बरामद किए गए। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सभी आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
अवैध माओवादी स्मारक भी ध्वस्त
थाना उसूर क्षेत्र के कमलापुर जंगल और थाना गंगालूर क्षेत्र के कोरचोली गांव में बनाए गए अवैध माओवादी स्मारकों को भी सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई माओवादी गतिविधियों पर बड़ा प्रहार है। जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए नक्सल विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़े : चांदी तीसरे दिन भी फिसली: ₹1,486 घटकर ₹2.41 लाख/किलो; 18 दिन में ₹1.45 लाख टूटी, सोना ₹1,333 चढ़कर ₹1.54 लाख






