Bombay Story: भारतीय सिनेमा ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। फिल्म निर्माता और निर्देशक तारिक खान की बहुप्रतीक्षित फीचर फिल्म ‘बॉम्बे स्टोरी’ का प्रतिष्ठित कान्स फिल्म फेस्टिवल में भव्य वर्ल्ड प्रीमियर हुआ। अभिनेत्री मौनी रॉय अभिनीत इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों और फिल्म समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली। फिल्म का प्रदर्शन कान्स में खचाखच भरे थिएटर में किया गया, जहां मौजूद दर्शकों ने फिल्म की कहानी, निर्देशन और कलाकारों के अभिनय की जमकर सराहना की। फिल्म के प्रीमियर ने न सिर्फ भारतीय सिनेमा का मान बढ़ाया, बल्कि वैश्विक फिल्म जगत में भी खास चर्चा बटोरी।

मंटो की कहानियों से प्रेरित है ‘बॉम्बे स्टोरी’
‘बॉम्बे स्टोरी’ महान उर्दू साहित्यकार सआदत हसन मंटो की रचनाओं से प्रेरित है। फिल्म मुंबई की जटिल जिंदगी, मानवीय रिश्तों, सामाजिक सच्चाइयों और भावनात्मक संघर्षों को बेहद संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारती है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे महानगर की चमक-दमक के पीछे कई अनकही कहानियां और मानवीय संघर्ष छिपे होते हैं। यही वजह है कि फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को भी भावनात्मक रूप से जोड़ने में सफलता हासिल की। फिल्म में मौनी रॉय मुख्य भूमिका में नजर आई हैं। उनके अलावा अनुप्रिया गोयनका, राहत शाह, कस्मी, शोएब निकाश शाह और कई अन्य कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। समीक्षकों ने विशेष रूप से कलाकारों के सहज और प्रभावशाली अभिनय की प्रशंसा की है। मौनी रॉय के किरदार को फिल्म की सबसे बड़ी ताकतों में से एक बताया जा रहा है।
फिल्म के सफल प्रीमियर के बाद निर्माता-निर्देशक तारिक खान ने कहा कि मंटो की कहानियां आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी अपने दौर में थीं। उन्होंने कहा कि मंटो की रचनाएं इंसानी जिंदगी की सच्चाइयों को बिना किसी आडंबर के सामने लाती हैं। ‘बॉम्बे स्टोरी’ के माध्यम से हमने उनकी विरासत को एक नए सिनेमाई रूप में दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश की है।

Bombay Story: अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में मजबूत हो रही पहचान
तारिक खान भारतीय सिनेमा में अपनी अलग सोच और गंभीर विषयों पर आधारित फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं। उनकी फिल्मों में समाज, संस्कृति, पहचान, मानवीय संघर्ष और संवेदनशील मुद्दों को प्रमुखता दी जाती है। इससे पहले उनकी चर्चित फिल्में ‘आइडेंटिटी कार्ड’, ‘लिहाफ – द क्विल्ट’ और ‘साइड ए साइड बी’ कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना और सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं। जम्मू-कश्मीर से संबंध रखने वाले तारिक खान भारतीय संस्कृति और क्षेत्रीय कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों में भारतीय समाज की विविधता और मानवीय संवेदनाओं की गहरी झलक दिखाई देती है। ‘बॉम्बे स्टोरी’ के कान्स प्रीमियर ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय कहानियां दुनिया भर के दर्शकों को प्रभावित करने की क्षमता रखती हैं।
ये भी पढ़े… 9 साल की उम्र में थिएटर में बिना टिकट घुसने वाला बच्चा कैसे बना भारतीय सिनेमा का दिग्गज अभिनेता?








