Breaking News: देश की राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले दिल्ली हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को एक धमकी भरा ई-मेल मिला। इसके बाद दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
हाई कोर्ट और जिला अदालतों को धमकी
धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया कि 15 अगस्त को दोपहर 2:11 बजे दिल्ली हाई कोर्ट और 3:11 बजे जिला अदालतों में बम विस्फोट किए जाएंगे। ई-मेल में लाल किला, दिल्ली मेट्रो और अंबाला से दिल्ली आने वाली ट्रेनों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई। जब दिल्ली हाई कोर्ट, जामनगर हाउस और झंडेवालान बिल्डिंग समेत करीब 6 प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
Breaking News: खालिस्तान और 1984 दंगों का भी जिक्र
ई-मेल में खालिस्तान और 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया गया है। इसके अलावा दिल्ली एयरपोर्ट और राजधानी की कई अन्य इमारतों में बम रखे होने का दावा किया गया। हालांकि, धमकी की सत्यता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

कई इमारतों में तलाशी अभियान
धमकी मिलने के बाद पुलिस, दमकल विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर कई इमारतों को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध स्थानों और आसपास के इलाकों की भी जांच की जा रही है।
Breaking News: स्वतंत्रता दिवस को लेकर पहले से सुरक्षा कड़ी
15 अगस्त को दिल्ली के लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां से देश को संबोधित करेंगे। ऐसे में धमकी के बाद राजधानी में सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। रणनीतिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सार्वजनिक स्थानों, मेट्रो तथा प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
धमकी फर्जी होने की आशंका
दिल्ली हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव कुणाल मल्होत्रा ने धमकी को प्रथम दृष्टया फर्जी बताया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल के स्रोत और धमकी की विश्वसनीयता की जांच कर रही हैं।
ये भी पढ़े… वीर सावरकर मानहानि केस में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, लखनऊ कोर्ट का समन रद्द








