Breaking News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत की वजह साफ हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक फेफड़ों की नसों में खून का थक्का जमने से अचानक दिल और सांस की प्रक्रिया रुक गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?
डॉक्टरों के अनुसार प्रतीक यादव के शरीर के निचले हिस्से में बना खून का थक्का ऊपर की ओर बढ़ते हुए फेफड़ों तक पहुंच गया। इससे फेफड़ों में रक्त प्रवाह रुक गया और शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई बाधित हो गई। इसी वजह से उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया।मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार इस स्थिति को पल्मोनरी एम्बोलिज्म कहा जाता है, जो कई बार बिना किसी चेतावनी के जानलेवा साबित हो सकता है।
Breaking News: विसरा रिपोर्ट से होगा अंतिम खुलासा
डॉक्टरों ने दिल और फेफड़ों से जुड़े नमूनों को सुरक्षित रखा है। इसके अलावा शरीर के कुछ अंगों को रासायनिक जांच के लिए संरक्षित कर पुलिस को सौंप दिया गया है।अंतिम विसरा रिपोर्ट आने के बाद यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि मौत के पीछे कोई अन्य कारण था या नहीं।
Breaking News: शरीर पर चोट के निशान भी मिले
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कुछ चोटों के निशान मिलने की बात कही गई है। हालांकि डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि ये सभी चोटें मौत से पहले की थीं और उनका सीधे तौर पर मौत से संबंध नहीं है।बुधवार 13 मई 2026 की सुबह प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सुबह करीब 5 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जी.सी. गुप्ता के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
भाई को याद कर भावुक हुए अखिलेश यादव
प्रतीक यादव के निधन की सूचना मिलते ही अखिलेश यादव तुरंत किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के मॉर्चरी हाउस पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने भावुक होकर कहा, वह बहुत अच्छा इंसान था। मैंने उसे कई बार कहा था कि अपनी सेहत का ध्यान रखा करो।प्रतीक यादव के निधन की खबर से समाजवादी पार्टी सहित पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Breaking News: कौन थे प्रतीक यादव?
प्रतीक यादव, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र थे। उन्होंने राजनीति से दूरी बनाए रखी और अपने व्यवसायिक जीवन पर ध्यान केंद्रित किया। उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा की प्रमुख नेता हैं।सिर्फ 38 वर्ष की उम्र में प्रतीक यादव का अचानक निधन हर किसी के लिए हैरान करने वाला है। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह खून का थक्का और कार्डियक अरेस्ट बताई गई है, जबकि अंतिम विसरा रिपोर्ट के बाद पूरी तस्वीर और स्पष्ट होगी। फिलहाल परिवार और समर्थकों के बीच गहरा शोक पसरा हुआ है।
ये भी पढ़े: छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन से टूटे अखिलेश यादव, बोले- ‘कानून और परिवार जो तय करेगा, वही मानेंगे’








