Home » Breaking News » दिल्ली में आज से 3 दिन ट्रैफिक डायवर्जन, 22 रूट पर जाने से बचें; जानें पूरा प्लान

दिल्ली में आज से 3 दिन ट्रैफिक डायवर्जन, 22 रूट पर जाने से बचें; जानें पूरा प्लान

BRICS Summit 2026: दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक BRICS लीडर्स समिट के चलते कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। VIP काफिलों की आवाजाही को देखते हुए 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए पुलिस ने वैकल्पिक रास्ते भी सुझाए हैं।

अगर आप अगले तीन दिनों में दिल्ली की सड़कों पर सफर करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर चेक कर लें। BRICS Summit 2026 के चलते 11 से 13 सितंबर तक राजधानी में कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन और अस्थायी प्रतिबंध लागू रहेंगे। अंतरराष्ट्रीय मेहमानों और VIP काफिलों की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को प्रभावित मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। समिट का मुख्य कार्यक्रम भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित होना है। ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव खासतौर पर दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे के बीच देखने को मिल सकता है।

कौन-कौन सी सड़कों पर सबसे ज्यादा असर?

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, इन प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है: मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, तीस जनवरी मार्ग, फिरोज शाह रोड, तुगलक रोड, पंचशील मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, अफ्रीका एवेन्यू ,भीकाजी कामा प्लेस, पुराना किला रोड, न्याय मार्ग, शांति पथ , शेरशाह सूरी मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, तिलक मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, अकबर रोड, सरदार पटेल मार्ग, APJ अब्दुल कलाम रोड, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कर्तव्य पथ और सफदरजंग रोड इन मार्गो पर जाने से बचें। इन मार्गों पर यात्रा करने से पहले ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखकर समय और रास्ता तय करना बेहतर रहेगा।

BRICS Summit 2026: 22 जगहों पर क्यों बदले जाएंगे रूट?

VIP मूवमेंट को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने 22 डायवर्जन पॉइंट चिन्हित किए हैं। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, KG मार्ग आउटर सर्कल, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक और RML हॉस्पिटल राउंडअबाउट प्रमुख हैं। इसके अलावा धौला कुआं फ्लाईओवर, मोती बाग फ्लाईओवर, मदरसा T-पॉइंट, लोधी रोड के जंक्शन, नीला गुम्बद, ओबेरॉय फ्लाईओवर के नीचे, DPS मथुरा रोड U-Turn, रिंग रोड-बारापुला रोड और मंडी हाउस जैसे स्थानों पर भी ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है।

BRICS Summit 2026
                                                           BRICS Summit 2026
रेलवे स्टेशन जाना है तो कौन सा रास्ता लें?

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को ISBT कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग, पंचकुइयां रोड और आउटर सर्कल की ओर से जाने की सलाह दी गई है। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए ISBT से रिंग रोड, हनुमान मंदिर और एसपी मुखर्जी मार्ग का विकल्प रहेगा। वहीं हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है।

BRICS Summit 2026: एयरपोर्ट जाना है तो मेट्रो क्यों बेहतर?

ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। सड़क मार्ग से जाने वालों के लिए भी अलग-अलग दिशाओं से वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। गुड़गांव की तरफ से आने वाले यात्री NH-48 और UER-II के रास्ते T3 पहुंच सकते हैं। द्वारका की ओर से सेक्टर-22 और UER-II टनल का विकल्प रहेगा। दक्षिण दिल्ली से आने वाले यात्रियों के लिए रिंग रोड, मोती बाग, RTR मार्ग और महिपालपुर होते हुए T3 पहुंचने का विकल्प बताया गया है।

पार्किंग और कमर्शियल वाहनों को लेकर भी नियम

डायवर्जन वाले इलाकों में 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग पर रोक रहेगी। पुलिस के मुताबिक, गैर-निर्धारित कमर्शियल वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा। बस सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी, लेकिन VIP काफिलों की आवाजाही के दौरान बसों को भी कुछ समय के लिए वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जा सकता है। इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी।

BRICS Summit 2026: दिल्ली वालों के लिए जरूरी सलाह

BRICS Summit के दौरान दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य दिनों से अलग रह सकती है। इसलिए जरूरी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें, प्रभावित सड़कों से बचें और संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करें। खासकर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को रूट डायवर्जन का ध्यान रखना होगा।

ये भी पढ़े… पुतिन दिल्ली पहुंचे, PM मोदी लेने नहीं गए! एयरपोर्ट पर जानिए किसने किया रूसी राष्ट्रपति का स्वागत?