BRICS Summit: दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली सरकार ने 11 सितंबर, शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दिन दिल्ली सरकार के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (plus) में कामकाज बंद रहेगा। केंद्र सरकार के कार्यालय भी 11 सितंबर को बंद रहेंगे। सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जाना है, जिसमें BRICS सदस्य और सहयोगी देशों के नेता समेत कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
11 सितंबर को बंद रहेंगे दिल्ली के सरकारी कार्यालय
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि BRICS शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं के मद्देनजर 11 सितंबर को अवकाश रहेगा। इस फैसले के तहत दिल्ली सरकार के सभी सरकारी कार्यालयों के अलावा स्वायत्त निकाय और plus भी बंद रहेंगे। राजधानी में केंद्र सरकार के कार्यालयों को भी इस दिन बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
BRICS Summit: सुरक्षा के साथ ट्रैफिक व्यवस्था पर भी नजर
BRICS Summit के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए दिल्ली के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जा रहे हैं। हाल में हुए ट्रैफिक अभ्यास में 35 से अधिक प्रमुख सड़कों और 22 वैकल्पिक मार्गों को शामिल किया गया। मध्य दिल्ली और भारत मंडपम के आसपास विशेष सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है।
भारत चौथी बार कर रहा BRICS की मेजबानी
भारत इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। अध्यक्षता के दौरान 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें और उच्चस्तरीय वार्ताएं आयोजित की गई हैं। इन बैठकों में राजनीतिक एवं सुरक्षा सहयोग, आर्थिक और वित्तीय सहयोग तथा सांस्कृतिक एवं जन-समुदाय के बीच आदान-प्रदान को मजबूत करने पर जोर दिया गया। भारत BRICS का संस्थापक सदस्य है और इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में इसकी अध्यक्षता कर चुका है।
BRICS Summit: पुतिन, गुटेरेस और शी जिनपिंग पर टिकी नजर
रिपोर्ट्स के अनुसार, सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के शामिल होने की उम्मीद है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के भी पहुंचने की संभावना है। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के शामिल होने की चर्चा है, हालांकि उनकी भागीदारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सम्मेलन में करीब 30 BRICS सदस्य एवं सहयोगी देशों के नेता, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और व्यापारिक प्रतिनिधि हिस्सा ले सकते हैं।
ये भी पढ़ें…नेपाल में बाढ़ की तबाही के एक हफ्ते बाद भी खौफनाक मंजर








