Home » एक्सक्लूसिव » बृजभूषण शरण सिंह का दावा ! राम मंदिर सुरक्षा, चढ़ावा विवाद और यौन शोषण केस पर दिए कई बड़े बयान

बृजभूषण शरण सिंह का दावा ! राम मंदिर सुरक्षा, चढ़ावा विवाद और यौन शोषण केस पर दिए कई बड़े बयान

BRIJ BHUSHAN: कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को अपने पैतृक आवास विश्नोहरपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, अयोध्या में लगाए गए बैरियर और अपने खिलाफ चल रहे महिला पहलवानों के कथित यौन शोषण मामले पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री आवास और संसद की तर्ज पर होनी चाहिए, लेकिन पूरे अयोध्या शहर को बैरियर लगाकर बंद करना उचित नहीं है।

‘पूरे शहर को बंद करना समाधान नहीं’

बृजभूषण सिंह ने कहा कि वह पिछले चार से छह वर्षों से प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगाह करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रंग महल मंदिर के सामने लगाए गए बैरियर किसी विशेष उद्देश्य से लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद वह विस्तार से अपनी बात रखेंगे।

BRIJ BHUSHAN: जरूरत के मुताबिक हो सुरक्षा व्यवस्था

पूर्व सांसद ने कहा कि जिस तरह राष्ट्रपति भवन या प्रधानमंत्री आवास के सामने की सड़कें हमेशा बंद नहीं रहतीं, उसी तरह अयोध्या में भी केवल वीआईपी मूवमेंट या विशेष परिस्थितियों में ही प्रतिबंध लगाए जाने चाहिए। पूरे शहर को बैरियर लगाकर बंद करना आम लोगों के लिए उचित व्यवस्था नहीं है।

‘दोषी साबित हुआ तो फांसी पर लटक जाऊंगा’

महिला पहलवानों के कथित यौन शोषण मामले पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अदालत में सुनवाई पूरी हो चुकी है और फैसला सुरक्षित है। उन्होंने दोहराया कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो वह फांसी पर लटकने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, “मैं पहले भी कह चुका हूं और आज भी अपनी बात पर कायम हूं।”

BRIJ BHUSHAN: न्यायपालिका पर जताया भरोसा

बृजभूषण सिंह ने दावा किया कि शिकायतकर्ताओं की ओर से कथित घटनाओं की तारीख, समय और स्थान तक स्पष्ट नहीं बताए जा सके। उन्होंने कहा कि जब मूल तथ्य ही स्पष्ट नहीं हैं तो आरोप भी सही नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि अब पूरा मामला न्यायालय के विचाराधीन है और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उनके अनुसार, उनके अधिवक्ता ने अदालत के सामने सभी तथ्यों को मजबूती से रखा है और उन्हें निष्पक्ष न्याय मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढे… 40 मिनट में फूटे 8.5 लाख पटाखे, वॉशिंगटन बना दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर