BSP News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) के संगठन में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पार्टी चीफ मायावती ने संगठन में फेरबदल करते हुए आकाश आनंद के छोटे भाई ईशान आनंद (ईशू) को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, आकाश आनंद के सोशल मीडिया बायो में लगातार हो रहे बदलाव ने उनके राजनीतिक भविष्य और BSP से उनकी दूरी को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी है।
आकाश ने बदला अपना बायो
आकाश आनंद ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से ‘नेशनल कन्वीनर’ का पद हटाकर खुद को ‘बसपा कार्यकर्ता’ बताया था। अब उन्होंने एक बार फिर अपना बायो बदल दिया है। इस बार प्रोफाइल में सिर्फ ‘बसपा समर्थक’ लिखा गया है। लगातार हो रहे इन बदलावों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के भीतर चल रहे संगठनात्मक बदलावों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। गैरतलब है कि कुछ समय पहले तक आकाश आनंद BSP के नेशनल कन्वीनर के तौर पर पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। इसके बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया बायो से यह पद हटाकर ‘बसपा कार्यकर्ता’ लिखा और अब इसे बदलकर ‘बसपा समर्थक’ कर दिया है। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में हुए ताजा बदलाव के बाद आकाश आनंद का नाम नए संगठनात्मक फोल्डर में भी नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले BSP में उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि, सोशल मीडिया बायो में बदलाव को सीधे तौर पर आकाश आनंद के पार्टी छोड़ने का आधिकारिक ऐलान नहीं माना जा सकता। लेकिन लगातार बदलती प्रोफाइल और संगठन में उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर राजनीतिक हलकों में अटकलें जरूर तेज हो गई हैं।
BSP News: ईशान आनंद को मिली बड़ी जिम्मेदारी
इसी बीच मायावती ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए आकाश आनंद के छोटे भाई ईशान आनंद (ईशू) को मुख्य सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी दी है। उन्हें करीब 15 राज्यों में पार्टी के कामकाज की समीक्षा का जिम्मा सौंपा गया है। इस जिम्मेदारी के तहत ईशान आनंद संबंधित राज्यों में BSP की संगठनात्मक गतिविधियों पर नजर रखेंगे और पार्टी के कामकाज की समीक्षा करेंगे। वह अपनी समीक्षा और संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट अपने पिता और BSP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार को देंगे।
2027 चुनाव के लिए BSP की नई रणनीति?
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे समय में BSP के संगठन में यह फेरबदल खास महत्व रखता है। मायावती के सामने 2027 में BSP के पारंपरिक दलित वोट बैंक को मजबूत करने के साथ-साथ पार्टी के संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की चुनौती है। ऐसे में करीब 15 राज्यों की जिम्मेदारी ईशान आनंद को दिया जाना पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दूसरी तरफ, आकाश आनंद की संगठन में भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से पार्टी के भीतर नेतृत्व और परिवार की भूमिका पर भी चर्चा तेज हो गई है।
BSP News: आकाश बनाम ईशान की भूमिका पर नजर
ताजा घटनाक्रम में एक तरफ आकाश आनंद के सोशल मीडिया बायो में लगातार बदलाव दिखाई दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनके छोटे भाई ईशान आनंद को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले BSP की रणनीति में परिवार की भूमिका को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2027 विधानसभा चुनाव तक आकाश आनंद की BSP में क्या भूमिका होगी और क्या ईशान आनंद को दी गई जिम्मेदारी पार्टी की नई संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा है?
ये भी पढ़े… सत्य निकेतन हादसे के बाद नींद से जागा प्रशासन, नगर निगम ने दिया ‘खतरनाक’ इमारत को गिराने का आदेश








