Home » एक्सक्लूसिव » कॉकरोच जनता पार्टी का दिल्ली मार्च आज, संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से रवाना

कॉकरोच जनता पार्टी का दिल्ली मार्च आज, संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से रवाना

CJP, Abhijeet Deepke:

CJP, Abhijeet Deepke: सोशल मीडिया पर शुरू हुआ व्यंग्यात्मक अभियान अब सड़कों तक पहुंचने की तैयारी में है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भारत के लिए निकल गया हूं। मैं अपना भविष्य संविधान के हाथों में छोड़ता हूं। जय भीम।”

पार्टी ने 6 जून को दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान किया है। अभिजीत दीपके ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने समर्थकों से एयरपोर्ट न आने की अपील करते हुए सीधे प्रदर्शन स्थल पर जुड़ने का आग्रह किया।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की प्रमुख मांग

कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि NEET, CBSE, CUET और SSC जैसी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों से लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं। पार्टी का आरोप है कि परीक्षा विवादों के बावजूद जवाबदेही तय नहीं की गई। पार्टी के अनुसार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन याचिका को लाखों लोगों का समर्थन मिल चुका है।

CJP, Abhijeet Deepke: दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर संशय

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से पूर्व अनुमति आवश्यक होती है। हालांकि CJP की ओर से प्रदर्शन के दिन ही अनुमति मांगने की योजना बनाई गई है। ऐसे में प्रशासन की अनुमति मिलने की संभावना कम मानी जा रही है। बिना अनुमति प्रदर्शन करने की स्थिति में पुलिस कार्रवाई या हिरासत की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

CJP, Abhijeet Deepke: पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामने आए प्रवक्ता

3 जून को दिल्ली में आयोजित पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में खोजी पत्रकार सौरव दास, मैनेजमेंट प्रोफेशनल आशुतोष रांका और फिल्ममेकर विजेता दहिया ने पार्टी के प्रवक्ता के रूप में हिस्सा लिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद आंदोलन को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

राजनीतिक पार्टी बनने की अटकलें

हालांकि अभिजीत दीपके पहले राजनीतिक पार्टी बनाने से इनकार कर चुके हैं, लेकिन लगातार बढ़ती गतिविधियों, प्रेस कॉन्फ्रेंस और संगठनात्मक ढांचे को देखते हुए इसे संभावित राजनीतिक मंच के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी के औपचारिक पंजीकरण को लेकर भी चर्चाएं जारी हैं।

कई चर्चित हस्तियों का समर्थन

कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को कई सार्वजनिक हस्तियों का समर्थन मिला है। शिक्षाविद् सोनम वांगचुक ने वीडियो संदेश जारी कर आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया है। अभिनेता प्रकाश राज, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अमित जोगी, अभिनेता अतुल कुलकर्णी और छात्र नेताओं ने भी कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताई है।

सरकार का रुख और विवाद

पार्टी को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आए हैं। कुछ नेताओं ने इसके पीछे विदेशी फंडिंग और बाहरी प्रभावों के आरोप लगाए हैं। वहीं पार्टी का दावा है कि उसका पूरा अभियान आम लोगों के सहयोग और सामुदायिक फंडिंग के जरिए चल रहा है।

युवाओं के बीच बढ़ रही चर्चा

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि परीक्षा व्यवस्था और जवाबदेही जैसे मुद्दों को लेकर युवाओं में असंतोष बढ़ा है। इसी वजह से सोशल मीडिया से शुरू हुआ यह अभियान तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। अब सबकी नजरें दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन और उसके बाद की राजनीतिक दिशा पर टिकी हैं।

यह भी पढे़ : सूरत से पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला, बोले- 12 साल से फैला रही अराजकता; ₹18 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण