Breaking News
Home » Breaking News » धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर खड़गे का बड़ा हमला, बोले- छात्रों के संघर्ष के आगे झुकी केंद्र सरकार

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर खड़गे का बड़ा हमला, बोले- छात्रों के संघर्ष के आगे झुकी केंद्र सरकार

CJP PROTEST NEWS: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद विपक्षी दलों ने इसे छात्रों के आंदोलन और लोकतांत्रिक दबाव की जीत बताया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार, सुप्रिया सुले और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसे युवाओं के संघर्ष का परिणाम बताया।

खड़गे बोले- यह करोड़ों युवाओं की जीत

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि छात्रों की आवाज आखिरकार केंद्र सरकार तक पहुंची। उन्होंने कहा कि यह देश के करोड़ों युवाओं की जीत है, जिन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर संघर्ष किया। खड़गे ने इसे “सत्य की जीत और सत्ता के अहंकार की हार” बताते हुए प्रधानमंत्री से छात्रों से माफी मांगने और प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

CJP PROTEST NEWS: शरद पवार ने बताया लोकतंत्र की जीत

एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि जंतर-मंतर पर 28 दिनों तक चले शांतिपूर्ण आंदोलन ने सरकार को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करने के लिए मजबूर किया। उन्होंने इसे लोकतंत्र और युवा शक्ति की बड़ी जीत बताते हुए आंदोलन में शामिल छात्रों और विपक्षी दलों की सराहना की।

सुप्रिया सुले की मांग- अब शिक्षा सुधार पर कार्रवाई हो

सुप्रिया सुले ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा प्रदर्शनकारियों, छात्रों और विपक्ष के लगातार दबाव का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह अंत नहीं, बल्कि व्यापक शिक्षा सुधार की शुरुआत होनी चाहिए। उन्होंने नीट विवाद पर संसद में विस्तृत चर्चा और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।

CJP PROTEST NEWS: केसी वेणुगोपाल बोले- आंदोलन जारी रहेगा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने इसे युवाओं की जीत बताते हुए कहा कि कांग्रेस शुरू से ही शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही थी। उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद से लेकर सड़क तक छात्रों की आवाज बना रहा। वेणुगोपाल ने कहा कि अब भी छात्रों पर बल प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, प्रधानमंत्री से माफी और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, छात्रों पर बढ़ते दबाव में कमी और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार नहीं होता, तब तक विपक्ष का आंदोलन जारी रहेगा।

ये भी पढ़े… छात्र आंदोलन के आगे झुकी सरकार! धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अभिजीत दीपके बोले – झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए