CJP Protest: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party) के प्रदर्शन के दौरान शनिवार को उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब एक व्यक्ति हाथ में ‘हिट’ स्प्रे लेकर प्रदर्शन स्थल के बाहर पहुंच गया। उसने कॉकरोच की तस्वीर पर स्प्रे छिड़कते हुए सीजेपी और उसके आंदोलन पर सवाल उठाए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया।
‘दो करोड़ फॉलोअर्स कहां हैं?’
विरोध कर रहे व्यक्ति ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर सीजेपी के करोड़ों समर्थक होने की बात कही जाती है, लेकिन जंतर-मंतर पर उतनी संख्या में लोग दिखाई नहीं दे रहे हैं। उसने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर संगठन के इतने समर्थक हैं तो वे प्रदर्शन में नजर क्यों नहीं आ रहे।
CJP Protest: आंदोलन के उद्देश्य पर भी उठाए सवाल
प्रदर्शन का विरोध कर रहे व्यक्ति ने आरोप लगाया कि यह आंदोलन देश को गलत दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहा है। उसने कहा कि वह भारत को नेपाल या बांग्लादेश जैसी स्थिति में नहीं जाने देना चाहता। उसके साथ मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी प्रदर्शन को “फ्लॉप” और “पूर्व नियोजित कार्यक्रम” बताया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका किसी राजनीतिक दल या संगठन से कोई संबंध नहीं है।
आमने-सामने आए दोनों पक्ष
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब विरोध करने वाले लोगों के सामने सीजेपी समर्थक भी पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित रखा और किसी अप्रिय घटना को नहीं होने दिया।
CJP Protest: छात्रों के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन
सीजेपी समर्थकों का कहना है कि उनका आंदोलन छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में कई समस्याएं हैं और सरकार को छात्रों की चिंताओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है।
अभिजीत दीपके के नेतृत्व में प्रदर्शन
जंतर-मंतर पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके कर रहे हैं। संगठन ने दावा किया है कि उसे प्रदर्शन की अनुमति प्राप्त है और उसका उद्देश्य शिक्षा एवं भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग उठाना है।
CJP Protest: दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की व्यापक तैनाती की गई है। जंतर-मंतर सहित मध्य दिल्ली, रेलवे स्टेशनों, आईएसबीटी और राजधानी की सीमाओं पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़े… कार्रवाई की बजाय पोस्ट डिलीट कराने में जुटी सरकार? अभिजीत दीपके का बड़ा आरोप








