CM Yogi In Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने बीते दिन बुधवार को महिलाओं की भूमिका और सम्मान को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई भी देश हो, लोग गाय को मानें या न मानें, लेकिन दूध गाय का ही पीते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग गाय को खाते हैं, क्या वे सूअर का दूध पीते हैं? मुख्यमंत्री ने यह बयान गोरखपुर में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन के दौरान दिया, जहां वे महिलाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने पहुंचे थे। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि दूध और मातृत्व का संबंध प्रकृति से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि हर बच्चा अपनी मां का ही दूध पीता है, जो एक दैवीय उपहार है। भारतीय परंपरा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समुद्र मंथन से निकले रत्नों की तरह मातृशक्ति का महत्व हमारी संस्कृति में हमेशा से सर्वोच्च रहा है। उन्होंने आगे कहा कि नारी गरिमा और सम्मान को बनाए रखना समाज की जिम्मेदारी है और सरकार इस दिशा में निरंतर काम कर रही है।
कांग्रेस, समाजवादी पार्टी का इतिहास ही नारी विरोधी रहा है… pic.twitter.com/v75tjU1wRv
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 22, 2026
सीएम योगी ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं चाहे वह घर-परिवार हो या अंतरिक्ष की यात्रा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा या स्वावलंबन। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति वंदन का उल्लेख करते हुए कहा कि नए संसद भवन में पारित पहला बड़ा कानून यही था, जिसके तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इस कानून को लागू करने की पहल की गई, तब विपक्षी दलों ने इसमें बाधाएं डालने की कोशिश की।
इस दौरान योगी ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका इतिहास नारी विरोधी रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल महिलाओं, दलितों और पिछड़े वर्गों को अधिकार मिलने में बाधा उत्पन्न करते रहे हैं। हालांकि, विपक्षी दलों की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया आना बाकी है।
ये भी पढ़े… ब्रेक फेल बना काल! अब मिर्जापुर हादसे में CM योगी ने कर डाला बड़ा ऐलान…








