CM Yogi On Ram Mandir Case: अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। अयोध्या में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है और जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी। उन्होंने कहा कि जिसके पास भी कोई ठोस सबूत हो, वह एसआईटी को सौंपे, जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। साथ ही लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने तक अनावश्यक बयानबाजी से बचें, क्योंकि इससे जांच प्रभावित हो सकती है।सीएम ने कहा कि यदि किसी के पास कोई दस्तावेजी प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक मंचों पर आरोप लगाने के बजाय जांच एजेंसी को सौंपना चाहिए।
सपा पर सीएम योगी का तीखा हमला
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग राम भक्तों के अपमान की बात कर रहे हैं, लेकिन वही लोग अतीत में कारसेवकों पर गोली चलाने की घटनाओं से जुड़े रहे हैं।सीएम योगी ने कहा,”समाजवादी पार्टी के दोहरे चरित्र को देखिए। जो लोग कारसेवकों पर गोली चलाने वालों की राजनीति करते रहे, वही आज राम भक्तों के सम्मान की बात कर रहे हैं।”
CM Yogi On Ram Mandir Case: अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश हो रही है
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग नहीं चाहते कि अयोध्या का विकास हो और उसकी पहचान विश्व स्तर पर स्थापित हो। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि और अयोध्या को बदनाम करने की साजिश की जा रही है।उन्होंने राम भक्तों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी के बहकावे में न आएं और एसआईटी की रिपोर्ट का इंतजार करें।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग राम मंदिर निर्माण का विरोध करते रहे और अदालत में भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे, वे आज राम भक्तों के सम्मान की बात कर रहे हैं।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा,”जब राम मंदिर निर्माण का विरोध किया जा रहा था, तब क्या राम भक्तों का अपमान नहीं हो रहा था?”
CM Yogi On Ram Mandir Case: नई अयोध्या का किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि आज अयोध्या एक नई पहचान के साथ उभर रही है। यहां विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों को यह बदलाव पसंद नहीं आ रहा है।उन्होंने कहा कि अयोध्या को लेकर नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिशें सफल नहीं होंगी और प्रदेश सरकार विकास तथा पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने मर्यादा और धैर्य का संदेश दिया है। इसलिए सभी राम भक्तों को संयम बनाए रखना चाहिए और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए।उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी ने कोई गड़बड़ी की है तो कानून अपना काम करेगा और दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर जारी सियासी बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया है कि एसआईटी जांच के बाद पूरी सच्चाई सामने आएगी। वहीं उन्होंने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या और राम भक्तों के नाम पर राजनीति करने वालों को अपना अतीत भी याद रखना चाहिए।
ये भी पढ़े: CM योगी की ललकार, उन्नाव में बोले- ‘गरीबों के लिए नहीं, माफिया के मरने पर निकलते हैं सपा-कांग्रेस के आंसू’








