Breaking News
Home » मध्य प्रदेश » दतिया की सभा में एसपी को नरोत्तम मिश्रा की खुली चेतावनी, बोले- “दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं”

दतिया की सभा में एसपी को नरोत्तम मिश्रा की खुली चेतावनी, बोले- “दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं”

DATIA BY ELECTION: भाजपा के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में समर्थकों को संबोधित करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि कार्यकर्ताओं का गुस्सा भाजपा पर नहीं, कांग्रेस के खिलाफ दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को हर हाल में जिताना है और किसी भी परिस्थिति में पार्टी को नुकसान नहीं पहुंचाना है।

‘भाजपा से नहीं, कांग्रेस से लेना है बदला’

डॉ. मिश्रा ने कहा कि कुछ लोग भाजपा से बदला लेने की बात कर रहे हैं, जबकि बदला कांग्रेस से लेना है। उन्होंने कहा कि टिकट काटने का फैसला किसी एक व्यक्ति का नहीं होता और इस मुद्दे पर कार्यकर्ताओं को गलत दिशा में नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां बात करनी होगी, वहां वह स्वयं करेंगे।

DATIA BY ELECTION: कार्यकर्ताओं को दिया भरोसा

पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि किसी की हिम्मत नहीं है कि उनके कार्यकर्ताओं का नुकसान कर सके। यदि किसी कार्यकर्ता पर प्रशासनिक कार्रवाई होती है तो वह उसके साथ खड़े रहेंगे और जरूरत पड़ी तो जेल भी साथ जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पीतांबरा माई की शपथ दिलाकर भाजपा के पक्ष में मतदान कराने का संकल्प भी दिलाया।

प्रशासन पर साधा निशाना

डॉ. मिश्रा ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा कार्यालय पर आंसू गैस के गोले दागना गलत था। उन्होंने कहा कि उनके पास घटनाओं के फुटेज मौजूद हैं और निर्दोष कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखते हैं।

DATIA BY ELECTION: ‘राजनीति खो देने का खेल है’

कार्यकर्ताओं से भावुक अंदाज में उन्होंने कहा कि राजनीति पद पाने का नहीं, त्याग करने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मां बताते हुए किसी अन्य को राजनीतिक स्पेस न देने की अपील की।

आशुतोष तिवारी ने भी दिया भरोसा

भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता को प्रशासनिक कार्रवाई से परेशानी हुई है तो वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक उनके शरीर में प्राण हैं, कार्यकर्ताओं के सम्मान पर आंच नहीं आने देंगे।

ये भी पढ़े… सोनम वांगचुक से मिले पवन खेड़ा, बोले- ‘जान जोखिम में न डालें, सरकार लोकतांत्रिक विरोध नहीं सुनती