Delhi News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद नितिन नबीन लगातार शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात को संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने साझा की तस्वीर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भेंट की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष से मुलाकात कर उन्हें संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।
Delhi News: संगठनात्मक अनुभव को बताया पार्टी की ताकत
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि नितिन नबीन का संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण पूंजी साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ता मिलकर जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने की दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य करेंगे।
वरिष्ठ नेताओं से लगातार संवाद
गौरतलब है कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन लगातार वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने गुरुवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा हुई।
उपराष्ट्रपति ने दी शुभकामनाएं
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की गईं। नितिन नबीन ने भी अपने पोस्ट में उपराष्ट्रपति का आशीर्वाद और शुभकामनाएं मिलने की बात कही।
केंद्रीय मंत्रियों से भी भेंट
इससे पहले नितिन नबीन ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से आत्मीय मुलाकात की, जहां संगठन और जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं, उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी भेंट कर संगठनात्मक कार्यों को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। नितिन नबीन ने कहा कि नड्डा से उन्हें हमेशा दिशा और प्रेरणा मिलती रही है।
https://x.com/narendramodi/status/2002062780845994100?t=m3huQQkt6-Q00w554QKv6Q&s=19
ये भी पढ़े… एसआईआर अभियान में पूरी भागीदारी दें भाजपा कार्यकर्ता: मुख्यमंत्री योगी







