Home » नई दिल्ली » दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सतीश गोलचा को रिटायरमेंट से पहले हटाया गया, अब अनुराग कुमार को मिली जिम्मेदारी

दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सतीश गोलचा को रिटायरमेंट से पहले हटाया गया, अब अनुराग कुमार को मिली जिम्मेदारी

दिल्ली पुलिस को मिला नया कमिश्नर अनुराग कुमार

Delhi Police Commissioner: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से शुक्रवार को एक बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस के कमिश्नर सतीश गोलचा को उनके कार्यकाल पूरा होने से पहले ही पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से उनकी नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया गया है और उन्होंने अपना कार्यभार भी संभाल लिया है। बता दें कि सतीश गोलचा का कार्यकाल वर्ष 2027 तक था।

गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश

केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त करने का आदेश जारी किया। वह एजीएमयूटी कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। गृह मंत्रालय के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से लागू हो गई है और अगले आदेश तक वह इस पद पर बने रहेंगे।

आईबी में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारी

अनुराग कुमार लंबे समय से इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में कार्यरत थे और वहां स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे। इससे पहले उन्होंने दिल्ली पुलिस में डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट और बाद में डीसीपी नॉर्थ के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी।इसके बाद वह डेप्युटेशन पर आईबी चले गए और वहीं लगातार विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम करते रहे। शुरुआती स्तर से लेकर आईबी में दूसरे सबसे वरिष्ठ पद तक उन्होंने अपनी सेवाएं दीं। हाल ही में उनका एजीएमयूटी कैडर में वापस ट्रांसफर किया गया था। लंबे समय से आईबी में रहने की वजह से उनकी कोई नई सार्वजनिक तस्वीर उपलब्ध नहीं है।

सतीश गोलचा अब एलजी को करेंगे रिपोर्ट

गृह मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि नए पुलिस कमिश्नर के कार्यभार संभालने के बाद मौजूदा कमिश्नर सतीश गोलचा, जो एजीएमयूटी कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, अपनी अगली नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) को रिपोर्ट करेंगे।सतीश गोलचा को अगस्त 2025 में दिल्ली पुलिस का कमिश्नर नियुक्त किया गया था। उन्होंने उस समय एसबीके सिंह की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह तिहाड़ जेल के महानिदेशक (डीजी) रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।

ये भी पढ़ें…बड़े बुजुर्ग थे वैज्ञानिक तरीके से बुद्धिमान: जानिए पुराने घरों में क्यों बनते थे भंडार घर