Delhi Road Accident: दिल्ली के पूर्वी इलाके के शकरपुर थाना क्षेत्र में विकास मार्ग पर एक बेहद दुखद सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना बुधवार और गुरुवार की रात के बीच करीब 1:30 बजे गीता कॉलोनी कट, विकास मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
पीसीआर कॉल के बाद पुलिस पहुंची मौके पर
पुलिस के मुताबिक, रात 1:50 बजे पीसीआर कॉल के जरिए हादसे की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायलों को तुरंत हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी चालक को पकड़ लिया था।
शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने बताया कि मारुति सेलेरियो कार ने पैशन बाइक को टक्कर मारी। बाइक पर एक ही परिवार के चार लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान नीरज की मौत
इलाज के दौरान 35 वर्षीय नीरज, जो विश्वास नगर की एनएसए कॉलोनी के रहने वाले थे, को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि नीरज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कनॉट प्लेस से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घायलों में नीरज की पत्नी सोनम (35) और उनके दोनों बच्चे शामिल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने नीरज के शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
Delhi Road Accident: आरोपी चालक गिरफ्तार, जांच जारी
इस मामले में कार चालक सचिन गुलाटी (45), जो नोएडा के सेक्टर-31 के रहने वाले हैं, को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: बंगाल और तमिलनाडु में मतदान जारी, बूथों पर सुबह से ही उमड़ी भीड़, चेन्नई में एक्टर अजित कुमार के पहुंचते ही मची हलचल








