Deverakonda Wedding: साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी की रस्में राजस्थान के उदयपुर में भव्य अंदाज में शुरू हो गई हैं। बुधवार को दोनों की हल्दी सेरेमनी आयोजित की गई, जबकि आज मेहंदी समारोह होगा। दोनों कलाकार गुरुवार को परिवार और करीबी मेहमानों की मौजूदगी में विवाह बंधन में बंधेंगे।
मोमेंटोस एकाया होटल में शाही सजावट
शादी समारोह के लिए उदयपुर के लग्जरी होटल ‘मोमेंटोस एकाया’ को पीले फूलों, आकर्षक लाइटिंग और खास थीम डेकोरेशन से सजाया गया है। विवाह की रस्में साउथ इंडिया से आए पंडितों की मौजूदगी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होंगी। ‘अर्जुन रेड्डी’ और ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा समेत साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार शादी समारोह में शामिल होने उदयपुर पहुंचे हैं। एक्ट्रेस ईशा रेब्बा, आशिका रंगनाथ, डायरेक्टर तरुण भास्कर और स्टाइलिस्ट श्रव्या वर्मा भी पहले ही वेडिंग वेन्यू पहुंच चुके हैं।
Deverakonda Wedding: म्यूजिक पार्टी में साथ नजर आए विजय-रश्मिका
मंगलवार रात आयोजित म्यूजिक पार्टी में विजय और रश्मिका हाथ थामकर पहुंचे। वेन्यू पर दोनों की तस्वीरों से सजी फोटो गैलरी बनाई गई थी। परिवार और दोस्तों ने साउथ और बॉलीवुड गानों पर डांस किया, जबकि कपल ने भी स्पेशल परफॉर्मेंस दी।
Deverakonda Wedding: मेहमानों के लिए खास इंटरनेशनल मेन्यू
शादी में शामिल मेहमानों के लिए साउथ इंडियन और पंजाबी व्यंजनों के साथ जापानी डिशेज भी तैयार की गई हैं। आयोजन की जिम्मेदारी RVR इवेंट्स एंड डिजाइन कंपनी को सौंपी गई है। समारोह में करीब 200 मेहमान शामिल होंगे।
प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन रहा खास
कपल 23 फरवरी को ही वेडिंग वेन्यू पहुंच गया था। दो दिन तक प्री-वेडिंग पार्टी आयोजित की गई, जिसमें पूल पार्टी, डिनर और ‘VIROSH प्रीमियर लीग’ नाम से क्रिकेट मैच भी खेला गया। दोनों ने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दिया आशीर्वाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कपल को बधाई संदेश भेजते हुए उनके वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संदेश में विवाह को विश्वास और प्रेम का पवित्र बंधन बताते हुए ‘सखा सप्तपदी भव’ का उल्लेख किया। शादी के बाद 3 और 4 मार्च को हैदराबाद में रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें साउथ और बॉलीवुड इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी।
यह भी पढे़ : बरसाना में खेली गई विश्वप्रसिद्ध लट्ठमार होली, 20 लाख श्रद्धालुओं ने देखा अद्भुत नजारा






