राजस्थान (Rajasthan) के जालोर जिले में बुधवार दोपहर एक भीषण हादसे ने लोगों को दहला दिया। जैसलमेर-जामनगर नेशनल हाईवे (NH-68) पर सिंवाड़ा ओवरब्रिज के पास एथेनॉल से भरा एक टैंकर अचानक पलट गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि हाईवे पर करीब 200 मीटर तक लपटें फैल गईं। हादसे में टैंकर चालक जिंदा जल गया, जबकि उसके साथ बैठा युवक किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ।
गुजरात नंबर का टैंकर बाड़मेर से गुजरात की ओर जा रहा था। रास्ते में सिंवाड़ा ओवरब्रिज पर अचानक संतुलन बिगड़ने से टैंकर पलट गया। टैंकर में सवार चालक सुखराम मेघवाल (34), जो बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र के मोखावा गांव का रहने वाला था, आग की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Rajasthan के जालोर में पलटा एथेनॉल टैंकर
टैंकर में चालक के साथ उसका रिश्तेदार नरसीराम (26) भी बैठा था। जैसे ही टैंकर पलटा और आग भड़की, नरसीराम ने तुरंत बाहर कूदने की कोशिश की और किसी तरह खुद को बचा लिया। उसे मामूली चोटें आईं, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सिंवाड़ा अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। जानकारी के मुताबिक, टैंकर एक निजी कंपनी का था और इसमें एथेनॉल भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि टैंकर पंजाब के भटिंडा से निकलकर गुजरात के कांडला पोर्ट की ओर जा रहा था। एथेनॉल अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण टैंकर पलटते ही आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
टायर फटने जैसी आवाज के बाद हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे से ठीक पहले टायर फटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। पास के खेत में काम कर रहे जीवाराम मेघवाल ने बताया कि आवाज सुनकर उन्होंने सड़क की ओर देखा तो टैंकर असंतुलित होकर सर्विस रोड की तरफ पलटता नजर आया। पलटते ही उसमें से तरल पदार्थ रिसने लगा और कुछ ही पलों में आग भड़क उठी। ओवरब्रिज की ढलान होने की वजह से टैंकर से रिस रहा एथेनॉल सड़क पर नीचे की ओर बहता चला गया। इसी कारण आग भी फैलती गई और सड़क के लंबे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दूर हटने लगे।
1 घंटे की मशक्कत के बाद काबू में आई आग
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में करीब एक घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। आग शांत होने के बाद ही हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई।
Read More : India ने ईरान को भेजी मेडिकल सहायता की पहली खेप, दूतावास ने जताया आभार







