Firozabad Encounter: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे मौलाना जाकिर हाफिज को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को पकड़ने के दौरान उसने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ पहले से गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।
उर्दू पढ़ने गई थी बच्ची, लगाया गंभीर आरोप
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना 7 जून की दोपहर थाना रामगढ़ क्षेत्र की है। नाबालिग बच्ची मस्जिद में उर्दू पढ़ने गई थी। इसी दौरान वह मस्जिद परिसर में लगे वाटर कूलर से पानी भरने पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद मौलाना जाकिर हाफिज ने बच्ची को अकेला पाकर जबरन पकड़ लिया और उसका मुंह दबाकर अपने कमरे में ले गया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने वहां उसके साथ गलत काम किया और विरोध करने पर मारपीट की। साथ ही घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
Firozabad Encounter: मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद पीड़िता की मां ने रामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे थे और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
भागने की कोशिश के दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़
बुधवार को थाना प्रभारी रामगढ़ संजीव कुमार दुबे अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी कहीं भागने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस दल पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
Firozabad Encounter: अवैध हथियार बरामद, अस्पताल में भर्ती
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन सौ पंद्रह बोर का एक अवैध तमंचा, दो खाली कारतूस और दो जीवित कारतूस बरामद किए। पुलिस ने हथियार बरामदगी के संबंध में भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां वह पुलिस निगरानी में है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और मामले की जांच भी की जा रही है।
ये भी पढ़ें…प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले








