Ganga Bridge Project: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना में चल रही विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कच्ची दरगाह–बिदुपुर छह लेन गंगा पुल परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि इस परियोजना पर काम तेज़ी से चल रहा है और बचे हुए सभी कार्यों को अप्रैल माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बचे कार्य अप्रैल तक पूरे होंगे
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुल के साथ-साथ इसके पहुंच पथों का निर्माण कार्य भी जल्द पूरा किया जाए, ताकि यातायात बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से चल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस छह लेन गंगा पुल के पूरी तरह बन जाने से इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से सीधी और आसान सड़क कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे इलाके में कृषि, उद्योग और अन्य व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा और विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने यह भी बताया कि परियोजना के पहले चरण के उद्घाटन के बाद पटना से राघोपुर तक सड़क संपर्क पहले ही शुरू हो चुका है।

Ganga Bridge Project: पटना-उत्तर बिहार सड़क संपर्कता बढ़ेगी
नीतीश कुमार ने कहा कि पुल के पूरा होने के बाद महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच आने-जाने के लिए लोगों को एक नया वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। इस पुल के बनने से पटना शहर में प्रवेश किए बिना ही लोग उत्तर बिहार के विभिन्न इलाकों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आमस–दरभंगा एक्सप्रेसवे इस गंगा पुल परियोजना से जुड़ेगा। इससे समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी की ओर यात्रा करने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होगा।
19.76 किलोमीटर लंबाई के निर्माण कार्य
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 23 जून पिछले वर्ष कच्ची दरगाह (पटना) से राघोपुर दियारा (वैशाली) तक बने नए सड़क हिस्से का उद्घाटन किया था। यह परियोजना पटना जिले में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 30 पर स्थित कच्ची दरगाह और वैशाली जिले में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 103 पर स्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर बनाई जा रही है।
इस छह लेन ग्रीनफील्ड गंगा पुल परियोजना की कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है। इसके अंतर्गत 9.76 किलोमीटर लंबे पुल और लगभग 10 किलोमीटर लंबे पहुंच पथों का निर्माण किया जा रहा है।







