Ganja news: पुलिस से बचने के लिए लोग कई तरह की तरकीबें अपनाते हैं, लेकिन केरल के त्रिशूर जिले में एक व्यक्ति की चालाकी उसी पर भारी पड़ गई। गांजा छिपाने के लिए उसने उसे चावल पक रहे प्रेशर कुकर में डाल दिया, लेकिन कुकर से निकल रही गंध और लगातार बजती सीटी ने उसका पूरा राज खोल दिया। पुलिस ने कुकर की जांच की तो अंदर से 401 ग्राम गांजा बरामद हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को देखते ही घबरा गया आरोपी
जानकारी के अनुसार, कुन्नमकुलम के पास अडुपुट्टी इलाके में रहने वाले 40 वर्षीय बिनीश के घर पर पुलिस को गांजा रखने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम उसके घर पहुंची। पुलिस को अपनी ओर आते देख बिनीश घबरा गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने प्लास्टिक के पैकेट में रखा गांजा उस प्रेशर कुकर में डाल दिया, जिसमें उस समय चावल पक रहे थे। इसके बाद उसने कुकर को चूल्हे पर ही छोड़ दिया ताकि किसी को उस पर शक न हो।
Ganja news: तलाशी के दौरान प्रेशर कुकर पर गया पुलिस का ध्यान
पुलिस ने घर की पूरी तलाशी ली, लेकिन शुरुआत में कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला। इसी दौरान अधिकारियों का ध्यान लगातार सीटी बजा रहे प्रेशर कुकर की ओर गया। पुलिस को कुकर से चावल के साथ-साथ गांजे जैसी गंध भी महसूस हुई, जिससे उन्हें शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने कुकर को चूल्हे से उतारा और भाप निकलने के बाद उसे खोला। कुकर के अंदर पके हुए चावल के बीच एक प्लास्टिक का पैकेट मिला।
Ganja news: कुकर से निकला 401 ग्राम गांजा
प्लास्टिक पैकेट की जांच करने पर उसमें 401 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही बिनीश को हिरासत में ले लिया और उसे कुन्नमकुलम पुलिस थाने ले जाया गया।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
Ganja news: पुलिस के मुताबिक, बिनीश का नाम पहले भी गांजा तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: गोंडा में गरजे CM योगी, बोले- दंगाइयों ने उत्सव रोकने की कोशिश की तो वर्तमान ही नहीं, भविष्य भी होगा स्वाहा








