Gold Silver Prices: सोने और चांदी की कीमतों में आई कमजोरी का असर गुरुवार को गोल्ड ईटीएफ (Exchange Traded Fund) और सिल्वर ईटीएफ पर भी दिखाई दिया। दोनों ही श्रेणियों के ईटीएफ में लगभग 4 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के अनुसार, सिल्वर ईटीएफ में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।
Gold Silver Prices: सिल्वर ETF में बड़ी गिरावट
दिन के कारोबार के दौरान निप्पॉन इंडिया सिल्वर ईटीएफ (Silver BeES) में 3.99 प्रतिशत की गिरावट आई और इसका भाव घटकर 202.58 रुपये पर पहुंच गया।वहीं, SBI सिल्वर ईटीएफ 3.93 प्रतिशत गिरकर 208.26 रुपये, HDFC सिल्वर ईटीएफ 4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 200.39 रुपये और टाटा सिल्वर ईटीएफ 3.92 प्रतिशत टूटकर 20 रुपये के स्तर पर आ गया।
सिर्फ सिल्वर ईटीएफ ही नहीं, बल्कि सोने से जुड़े ईटीएफ में भी गिरावट दर्ज की गई।निप्पॉन इंडिया गोल्ड ईटीएफ (GoldBeES) में 2.21 प्रतिशत की कमी आई, जिसके बाद इसकी कीमत 114.55 रुपये रह गई।इसके अलावा, ICICI प्रूडेंशियल गोल्ड ईटीएफ 2.76 प्रतिशत गिरकर 117.95 रुपये, SBI गोल्ड ईटीएफ 2.8 प्रतिशत नीचे आकर 118.17 रुपये और HDFC गोल्ड ईटीएफ 2.64 प्रतिशत गिरकर 117.75 रुपये पर पहुंच गया।

घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट
ईटीएफ के अलावा, घरेलू बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली है।इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत में 2,156 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है। इसके बाद इसकी कीमत घटकर 1,40,022 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है, जबकि इससे पहले यह 1,42,178 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
वहीं, 22 कैरेट सोने का भाव भी कम हुआ है। इसकी कीमत 1,30,235 रुपये प्रति 10 ग्राम से घटकर 1,28,260 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है।18 कैरेट सोने की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई है। इसका भाव पहले 1,06,634 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब घटकर 1,05,017 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिला-जुला कारोबार
वैश्विक बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में अलग-अलग रुझान देखने को मिला।खबर लिखे जाने तक, कॉमेक्स बाजार में सोने की कीमत 0.06 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 4,010.32 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।वहीं, चांदी में गिरावट देखने को मिली और यह 0.94 प्रतिशत कमजोर होकर 57.51 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
गिरावट की मुख्य वजह
सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट के पीछे अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Fed) की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी के संकेतों को प्रमुख कारण माना जा रहा है।इसके अलावा, डॉलर इंडेक्स के 101 के स्तर के पार जाने से भी सोने और चांदी पर दबाव बढ़ा है। मजबूत डॉलर के कारण आमतौर पर कीमती धातुओं की मांग प्रभावित होती है, जिससे उनकी कीमतों में कमजोरी देखने को मिलती है।
ये भी पढ़ें…भगवान जगन्नाथ मंदिर में 5 घंटे बंद रहेगा दर्शन, श्रद्धालुओं के लिए जारी हुई खास सूचना








