Home » स्वास्थ्य » हार्ट को स्वस्थ रखने के लिए कितना होना चाहिए गुड कोलेस्ट्रॉल? जानिए HDL क्यों है जरूरी

हार्ट को स्वस्थ रखने के लिए कितना होना चाहिए गुड कोलेस्ट्रॉल? जानिए HDL क्यों है जरूरी

हार्ट के लिए कितना होना चाहिए HDL?

Good Cholesterol: आज के समय में देश और दुनिया में हार्ट से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) का बढ़ता स्तर माना जाता है। खराब खानपान, असंतुलित जीवनशैली और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण अब कम उम्र के लोग भी हार्ट की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में दिल को स्वस्थ रखने के लिए शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) का सही स्तर बनाए रखना बेहद जरूरी है। लेकिन आखिर HDL क्या होता है, यह शरीर में क्या काम करता है, इसका सही स्तर कितना होना चाहिए और इसे कैसे बढ़ाया जा सकता है? साओल हार्ट सेंटर के संस्थापक, एमबीबीएस और एमडी डॉ. बिमल छाजेर ने इन सभी सवालों के बारे में विस्तार से जानकारी दी है।

क्या होता है HDL यानी गुड कोलेस्ट्रॉल?

HDL यानी हाई-डेंसिटी लिपोप्रोटीन को गुड कोलेस्ट्रॉल कहा जाता है। यह प्रोटीन और फैट से बना एक ऐसा कण है, जो खून में लगातार मौजूद रहता है। इसे ‘गार्बेज ट्रक’ भी कहा जाता है क्योंकि यह धमनियों में जमा खराब कोलेस्ट्रॉल को हटाने का काम करता है। HDL में मौजूद एपोलिपोप्रोटीन A-1 और A-2 धमनियों में जमे फैट और प्लाक को साफ करने में मदद करते हैं। यही कारण है कि इसे शरीर के लिए फायदेमंद कोलेस्ट्रॉल माना जाता है।

Good Cholesterol:  हार्ट के लिए कितना होना चाहिए HDL?
हार्ट के लिए कितना होना चाहिए HDL?

Good Cholesterol: शरीर में HDL क्या काम करता है?

HDL का मुख्य काम धमनियों में जमा बैड कोलेस्ट्रॉल और अतिरिक्त प्लाक को इकट्ठा करके उसे लिवर तक पहुंचाना होता है। इसके बाद लिवर इस खराब कोलेस्ट्रॉल को शरीर से बाहर निकालने की प्रक्रिया में मदद करता है। इससे धमनियों में ब्लॉकेज बनने का खतरा कम होता है, रक्त संचार बेहतर रहता है और हार्ट हेल्दी बना रहता है।

कितना होना चाहिए गुड कोलेस्ट्रॉल?

डॉ. बिमल छाजेर के अनुसार, शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल का स्तर टोटल कोलेस्ट्रॉल का लगभग एक चौथाई या उससे अधिक होना चाहिए। उदाहरण के लिए, यदि आपका टोटल कोलेस्ट्रॉल 200 mg/dL है तो HDL 50 mg/dL या उससे अधिक होना चाहिए। वहीं, अगर टोटल कोलेस्ट्रॉल 100 mg/dL है तो HDL लगभग 25 mg/dL होना चाहिए। इसलिए केवल HDL का नंबर देखने के बजाय टोटल कोलेस्ट्रॉल और HDL के अनुपात पर भी ध्यान देना जरूरी है।

गुड कोलेस्ट्रॉल कैसे बढ़ाया जा सकता है?

HDL बढ़ाने के लिए सबसे जरूरी है कि आप स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। रोजाना वॉक या कोई भी शारीरिक गतिविधि करें, हरी सब्जियों को अपनी डाइट में शामिल करें, तेल और तली-भुनी चीजों का सेवन कम करें और धूम्रपान से पूरी तरह दूरी बनाएं। इसके साथ ही संतुलित और पौष्टिक भोजन की आदत डालें। इन अच्छी आदतों को अपनाने से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल कम करने और गुड कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने में मदद मिलती है, जिससे दिल लंबे समय तक स्वस्थ रह सकता है।

ये भी पढ़ें…भारत के सामने सीरीज बचाने की जंग: इंग्लैंड से चौथा टी-20 आज, वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद