Government of Jharkhand: झारखंड सरकार ने विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैक्लुस्कीगंज को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा और अहम कदम उठाया है। नगर विकास, आवास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू गुरुवार को मिनी लंदन पहुंचे और डाक बंगला में एंग्लो-इंडियन समुदाय तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ पर्यटन विकास को लेकर विस्तृत बैठक की। मंत्री का स्वागत अंचलाधिकारी प्रणव अम्बष्ट, खलारी इंस्पेक्टर राम कुमार वर्मा, मैकलुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा, पुतुल देवी, पुष्पा खलखो, जितेंद्र नाथ पांडे सहित एंग्लो-इंडियन समुदाय के एशले गोम्स, डेनिश मेरेडिथ, किटी टेक्सरा, नेल्सन पॉल गॉर्डन, लेजली मेरेडिथ, एवं अनिल गंझू ने पुष्पगुच्छ देकर किया।
बैठक में क्या कुछ कहा गया?
बैठक में मंत्री ने राज्य सरकार की होमस्टे योजना की जानकारी देते हुए कहा कि पहले चरण में 50 होमस्टे विकसित किए जाएंगे। इच्छुक परिवार अपने घरों के खाली कमरों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त होमस्टे के रूप में विकसित कर सकेंगे।
मंत्री ने कहा कि होमस्टे का निर्माण विक्टोरियन शैली और एंग्लो-इंडियन स्थापत्य की पहचान को ध्यान में रखकर किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को मैकलुस्कीगंज की ऐतिहासिक विरासत का वास्तविक अनुभव मिल सके। सरकार क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास और मैक्लुस्कीगंज पाथवे के उन्नयन पर भी कार्य करेगी।
Government of Jharkhand: सरकार का लक्ष्य
सरकार का एक मात्र लक्ष्य मैक्लुस्कीगंज की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए इसे देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक आकर्षक और रोजगार करने वाले पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।
REPORT BY- Anushka
ये भी पढ़े… जींद से सोनीपत तक कितना हाइड्रोजन पिएगी ट्रेन? जानिए पूरे सफर की लागत







