Haryana news: हरियाणा में किसानों का विरोध अब तेज होता नजर आ रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले कई जिलों में किसान सड़कों पर उतर आए हैं। सिरसा में भावदीन टोल के पास किसानों ने नेशनल हाईवे पर बैठकर रास्ता जाम कर दिया, वहीं हांसी के रामायण टोल पर सभी लेन बंद कर दी गईं। इस दौरान किसानों और मौके पर पहुंचे डीएसपी के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। इतना ही नहीं, किसानों ने प्राइवेट बसों को भी टोल से वापस लौटा दिया।
हिसार में हाईवे जाम की कोशिश, यात्री परेशान
हिसार में भी किसानों ने नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश की, जहां पुलिस के साथ उनकी नोकझोंक हुई। जाम की वजह से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और कई वाहन घंटों तक फंसे रहे। हालात ऐसे हो गए कि कुछ यात्रियों को बसों से उतरकर पैदल ही सफर करना पड़ा।
Haryana news: करनाल से रोहतक तक असर, कई जिलों में प्रदर्शन
प्रदर्शन का असर करनाल से लेकर रोहतक तक देखने को मिला। करनाल के असंध में किसानों ने 709-A रोड जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं रोहतक के मकड़ौली टोल पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सांकेतिक धरना दिया गया। किसानों ने साफ चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और बड़ा होगा। भिवानी, पानीपत, कैथल, यमुनानगर और फतेहाबाद में भी किसान सड़कों पर उतरकर विरोध जता रहे हैं।
Haryana news: नए नियमों को लेकर किसानों में नाराजगी
दरअसल, सरकार ने रबी फसल की खरीद के लिए कुछ नए नियम लागू किए हैं, जिनका किसान विरोध कर रहे हैं। अब मंडी में फसल लाने से पहले स्लॉट बुक करना जरूरी कर दिया गया है। ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बिना फसल नहीं बिकेगी। इसके अलावा वाहन का नंबर पहले देना अनिवार्य कर दिया गया है, जबकि कई ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट नहीं होती। फसल की गुणवत्ता को लेकर भी सख्त नियम बनाए गए हैं, जिसमें ज्यादा नमी होने पर फसल रिजेक्ट हो सकती है। हालांकि सरकार ने 72 घंटे के भीतर भुगतान सीधे बैंक खाते में करने की व्यवस्था भी दी है।
किसान नेताओं ने बताई मजबूरी
किसान नेताओं का कहना है कि पोर्टल रजिस्ट्रेशन, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और बाकी शर्तों की वजह से किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि सरकार इन नियमों के जरिए प्रक्रिया को और जटिल बना रही है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि यह विरोध किसानों की मजबूरी है और अगर नियम वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रशासन अलर्ट, बातचीत से हल निकालने की कोशिश
Haryana news: बढ़ते प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और किसानों से बातचीत कर हालात को संभालने की कोशिश की। एडीजीपी सौरभ सिंह ने अधिकारियों को किसानों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
ये भी पढ़े: ईरान से 312 और भारतीय मछुआरे सुरक्षित लौटे, आर्मेनिया के रास्ते भारत की बड़ी कामयाबी







