IND vs PAK: कोलंबो में खेले गए टी-20 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मैच केवल खेल के लिहाज से ही नहीं, बल्कि हालिया राजनीतिक तनाव और बयानबाज़ी के कारण भी चर्चा में रहा। दोनों देशों के बढ़े तनाव के बीच यह मुकाबला आयोजित हुआ, जिस पर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।
जीत के बाद सियासत गरम
भारत की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता Udit Raj ने पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम बेहद मजबूत है और उसकी क्षमता पर किसी को संदेह नहीं है, लेकिन पाकिस्तान के साथ मैच खेलने के फैसले पर पुनर्विचार होना चाहिए।
उदित राज ने कहा कि हालिया आतंकी घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों की भावनाओं को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उनका कहना था कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद पर स्पष्ट और ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक उसके साथ खेल संबंधों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में किसी आतंकी घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
IND vs PAK: पहलगाम हमले के बाद बढ़ा तनाव
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों को निशाना बनाकर हुए आतंकी हमले में एक नेपाली नागरिक समेत 26 लोगों की मौत हो गई थी। इस हमले के पीछे पाकिस्तान समर्थित तत्वों का हाथ होने का आरोप लगाया गया था। घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंधों में तनाव चरम पर पहुंच गया। इसके बाद भारत ने सीमापार आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया। साथ ही कई पाकिस्तानी कलाकारों और सोशल मीडिया अकाउंट्स को भारत में प्रतिबंधित किया गया। दोनों देशों ने एक-दूसरे के लिए अपना एयरस्पेस भी बंद कर दिया था।
खेल और कूटनीति पर बहस
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा से हाई-वोल्टेज माने जाते रहे हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में इन मुकाबलों को लेकर भावनाएं और भी संवेदनशील हो गई हैं। एक वर्ग का मानना है कि खेल को राजनीति से अलग रखना चाहिए, जबकि दूसरा वर्ग सुरक्षा और राष्ट्रीय भावना को प्राथमिकता देने की बात कर रहा है। फिलहाल कोलंबो में मिली जीत से भारतीय प्रशंसकों में उत्साह है, लेकिन पाकिस्तान के साथ क्रिकेट संबंधों को लेकर बहस जारी है।
ये भी पढ़े… टीम इंडिया की धमाकेदार जीत पर जश्न में डूबा मुरादाबाद, रातभर गूंजे ‘भारत माता के जयकारे’






