Home » मध्य प्रदेश » इंदौर में हल्दी की रस्म बनी आफत, मिलावटी हल्दी से दुल्हन पहुंची वेंटिलेटर पर

इंदौर में हल्दी की रस्म बनी आफत, मिलावटी हल्दी से दुल्हन पहुंची वेंटिलेटर पर

Indore news: मध्य प्रदेश के इंदौर में शादी की खुशियां उस वक्त डर में बदल गईं, जब हल्दी की रस्म के बाद दूल्हा-दुल्हन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जानकारी के मुताबिक मिलावटी हल्दी लगाने से दोनों को गंभीर एलर्जी हो गई। दुल्हन की हालत इतनी खराब हो गई कि उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। हालांकि डॉक्टरों की टीम ने समय रहते इलाज शुरू किया और अब दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस घटना के बाद शादी समारोहों में इस्तेमाल हो रही खुली हल्दी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

शादी की खुशियां बदलीं चिंता में

खरगोन जिले के कसरावद की रहने वाली 21 वर्षीय राखी की शादी में हल्दी की रस्म चल रही थी। हल्दी लगाने के कुछ देर बाद ही उसके शरीर पर लाल चकत्ते निकल आए और चेहरे व होंठों पर तेज सूजन आ गई। हालत बिगड़ने पर उसे सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी, जिसके बाद परिवार वाले तुरंत अस्पताल पहुंचे। इसी तरह दूधिया निवासी 35 वर्षीय गोलू की तबीयत भी हल्दी की रस्म के बाद बिगड़ गई। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें गंभीर एलर्जी रिएक्शन हुआ था, जिससे फेफड़ों पर दबाव बढ़ गया और स्थिति नाजुक हो गई थी।

Indore news: एक हफ्ते में कई मामले आए सामने

एमवाय अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में ऐसे 4 से 5 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें हल्दी लगाने के बाद लोगों को गंभीर एलर्जी हुई। कुछ मरीजों को आईसीयू में भर्ती करना पड़ा, जबकि एक मरीज को वेंटिलेटर सपोर्ट तक देना पड़ा। डॉक्टरों का कहना है कि शादी के सीजन में हल्दी की मांग बढ़ने के कारण बाजार में सस्ती और मिलावटी हल्दी धड़ल्ले से बिक रही है, जिसे ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवार बड़ी मात्रा में खरीद लेते हैं।

Indore news: केमिकल वाली हल्दी बन रही खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार मिलावटखोर हल्दी को ज्यादा पीला और चमकदार दिखाने के लिए उसमें ‘मेटानिल येलो’ नाम का सिंथेटिक केमिकल मिलाते हैं। यह शरीर के संपर्क में आते ही तेज रिएक्शन पैदा कर सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि गंभीर मामलों में मरीज ‘एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम’ का शिकार हो सकता है, जिससे फेफड़ों में पानी भरने या उनके काम करना बंद करने का खतरा बढ़ जाता है। इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो सकती है।

डॉक्टरों ने लोगों को दी ये सलाह

Indore news: डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि शादी या किसी भी धार्मिक रस्म के लिए खुली और सस्ती हल्दी खरीदने से बचें। बेहतर होगा कि साबुत हल्दी खरीदकर घर पर पिसवाई जाए या भरोसेमंद ब्रांड की हल्दी का इस्तेमाल किया जाए। वहीं इंदौर खाद्य विभाग के अधिकारी मनीष स्वामी ने कहा है कि मिलावटी हल्दी बेचने वालों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

ये भी पढ़े: ईरान-इजरायल तनाव का असर भारत पर, सरकार अलर्ट मोड में; ऊर्जा और जरूरी सामानों की सप्लाई पर खास नजर

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments