Indore Suicide Case: इंदौर शहर के नंदा नगर इलाके में गुरुवार को एक 25 वर्षीय ड्राइवर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौत से पहले युवक ने एक सोशल मीडिया वीडियो बनाकर अपनी प्रेमिका, उसकी बहन, भाई और अन्य लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने वीडियो को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
Indore Suicide Case:भाई को भेजा था सोशल मीडिया वीडियो-
परदेशीपुरा थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय लविश लश्करी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला था, और इंदौर के नंदा नगर में किराए के मकान में रहकर ड्राइवर का काम करता था। आत्महत्या से पहले लविश ने एक सोशल मीडिया वीडियो रिकॉर्ड कर अपने भाई को भेजा था। वीडियो में उसने कहा कि “लड़के सुरक्षित नहीं हैं” और उन्हें अपना प्यार साबित करने के लिए जान तक देनी पड़ती है।
Indore Suicide Case: दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध-
परिजनों के मुताबिक, लविश का खंडवा निवासी एक युवती के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध था। सोशल मीडिया वीडियो में उसने दावा किया कि वह करीब डेढ़ साल तक युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहा था। कुछ समय पहले युवती के परिजनों को इस संबंध की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद वे युवती को अपने साथ ले गए और उसका मोबाइल भी अपने कब्जे में रख लिया।
Indore Suicide Case: संपर्क न होने से था परेशान-
लविश ने वीडियो में बताया कि वह लंबे समय से युवती से संपर्क नहीं कर पा रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में था। उसने अपनी मौत के लिए प्रेमिका, उसकी बहन, भाई और कुछ अन्य लोगों को जिम्मेदार बताया है।
Indore Suicide Case:पुलिस कर रही मामले की जांच-
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लविश की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Movie Review: 26/11 की अनसुनी हीरो बनीं नर्सें, ‘भारत भाग्य विधाता’ में कंगना रनौत ने दिल से निभाया किरदार








