Instagram: इंस्टाग्राम ने अपने करोड़ों यूजर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक नया फीचर शुरू किया है, जिससे अब पहले से पब्लिश की गई पोस्ट का बैकग्राउंड म्यूजिक बदला जा सकेगा। इसके लिए यूजर्स को पोस्ट डिलीट करके दोबारा अपलोड करने की जरूरत नहीं होगी। नए Replace Audio फीचर की मदद से पोस्ट में लगे गाने को बाद में भी बदला जा सकता है। खास बात यह है कि ऑडियो बदलने के बाद पोस्ट पर मिले लाइक्स, कमेंट्स, शेयर और रीच पहले की तरह बरकरार रहेंगे।
पोस्ट डिलीट करने की नहीं होगी जरूरत
अब तक किसी पोस्ट पर लगाया गया गाना पसंद नहीं आने या उसके ट्रेंड से बाहर हो जाने पर यूजर्स को पोस्ट डिलीट करके नए गाने के साथ दोबारा अपलोड करना पड़ता था। इससे पोस्ट की पुरानी रीच और उस पर मिली प्रतिक्रिया प्रभावित होती थी। नए फीचर के बाद इस परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी।
Instagram: लाइक्स, कमेंट्स और रीच रहेंगे सुरक्षित
इंस्टाग्राम के इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ऑडियो बदलने से पोस्ट का बाकी डेटा प्रभावित नहीं होगा। पोस्ट पर मौजूद लाइक्स, कमेंट्स, शेयर और व्यूज सुरक्षित रहेंगे। इससे क्रिएटर्स अपनी पुरानी पोस्ट को नए और ट्रेंडिंग गानों के साथ अपडेट कर सकेंगे।
ऐसे बदलें पुरानी पोस्ट का ऑडियो
सबसे पहले इंस्टाग्राम पर उस पोस्ट को खोलें, जिसका म्यूजिक बदलना है। इसके बाद ऊपर दिए गए मेन्यू विकल्प पर टैप करें और Edit ऑप्शन चुनें। अब Replace Audio विकल्प पर टैप करें। यहां इंस्टाग्राम की म्यूजिक लाइब्रेरी से अपनी पसंद का नया गाना चुनें और बदलाव सेव कर दें। इसके बाद पोस्ट में नया ऑडियो जुड़ जाएगा।
Instagram: क्रिएटर्स को मिलेगा ज्यादा कंट्रोल
यह फीचर खासतौर पर कंटेंट क्रिएटर्स के लिए उपयोगी माना जा रहा है। बदलते म्यूजिक ट्रेंड के साथ वे अपनी पुरानी पोस्ट को अपडेट कर सकेंगे, बिना उसकी मौजूदा परफॉर्मेंस खोए। इंस्टाग्राम पिछले कुछ समय में एआई फोटो एडिटिंग टूल और कंटेंट एडिटिंग से जुड़े कई फीचर भी जोड़ रहा है। Replace Audio के जरिए कंपनी यूजर्स को पब्लिश की गई पोस्ट पर पहले से ज्यादा नियंत्रण देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें…राज्यसभा में हंगामे के बीच ‘वंदे मातरम् बिल’ पेश, कार्यवाही 27 जुलाई तक स्थगित








