Home » राष्ट्रीय » ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क पर भारत की बड़ी कार्रवाई, देशभर में एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी

ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क पर भारत की बड़ी कार्रवाई, देशभर में एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी

ISI Terror Network: पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के कहने पर काम करने वाले गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क के खिलाफ भारत की केंद्रीय एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। बीती रात से देश के कई राज्यों में एक साथ रेड की गई। एजेंसियों ने शहजाद भट्टी से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक, एजेंसियों को 500 से ज्यादा संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले थे। इसके बाद इस पूरे नेटवर्क के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन शुरू किया गया। इस कार्रवाई को शहजाद भट्टी के मॉड्यूल पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

300 से ज्यादा संदिग्ध राउंड अप, पुलिस का बड़ा अभियान

सूत्रों के अनुसार मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान 300 से ज्यादा संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि इनमें से कई लोग शहजाद भट्टी के नेटवर्क से सीधे या सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े हुए थे।

ISI Terror Network: पंजाब के बॉर्डर इलाकों पर खास फोकस

पंजाब में पाकिस्तान बॉर्डर से लगे इलाकों में खास सर्च ऑपरेशन किया गया। इस दौरान 40 से ज्यादा संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया। एजेंसियों को शक है कि इन लोगों को सीमा पार से मदद और निर्देश मिल रहे थे।

हरियाणा STF की बड़ी कार्रवाई

हरियाणा STF ने पूरे राज्य में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान करीब 90 युवाओं को हिरासत में लिया गया, जो भट्टी नेटवर्क के संपर्क में बताए जा रहे हैं। इन युवाओं के सोशल मीडिया अकाउंट भी डिलीट करवाए गए हैं। फिलहाल उनकी काउंसलिंग की जा रही है। एजेंसियां जांच कर रही हैं कि इन्हें कैसे प्रभावित किया गया और किस तरह इस्तेमाल किया गया।

सोशल मीडिया बना साजिश का जरिया

जांच में पता चला है कि शहजाद भट्टी सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपने नेटवर्क से जोड़ रहा था। युवाओं को पैसों का लालच देकर बड़े काम दिए जा रहे थे। उनसे कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और संवेदनशील जगहों की रेकी जैसे खतरनाक काम करवाने की कोशिश की जा रही थी। एजेंसियों के मुताबिक, देश का माहौल खराब करने की साजिश रची जा रही थी।

ISI की साजिश नाकाम

केंद्रीय एजेंसियों ने इस पूरे नेटवर्क को ISI की साजिश का हिस्सा बताते हुए कहा है कि भारत में अस्थिरता फैलाने की कोशिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।एजेंसियां अब पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं और इस नेटवर्क के फंडिंग, ऑपरेशन और विदेशी लिंक को खंगाल रही हैं। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बड़े खुलासे होने की संभावना है।

ISI और शहजाद भट्टी नेटवर्क का पूरा खेल क्या है?

सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान में बैठे ISI से जुड़े आबिद जट्ट और अजमल गुजर सोशल मीडिया के जरिए भारत के युवाओं से संपर्क करते थे। भर्ती के बाद इन युवाओं की बात शहजाद भट्टी से करवाई जाती थी। इसके बाद भट्टी उन्हें पैसों का लालच देकर अलग-अलग काम सौंपता था।

Written by- Rishika Srivastva

ये भी पढ़ें: बीजिंग में ट्रंप और शी जिनपिंग की बातचीत, जानें दोनों नेताओं ने क्या कहा और क्या संकेत दिए