Jharkhand Municipal elections: झारखंड में आज 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे संपन्न हो गई। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो अधिकतर मतदान केंद्रों पर माहौल शांतिपूर्ण रहा। दोपहर 3 बजे तक करीब 51 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। इस चुनाव में 43 लाख से ज्यादा मतदाता 6,000 से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं।
48 निकायों में दांव पर प्रतिष्ठा
राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों के साथ-साथ पार्षदों के लिए भी मतदान हुआ। इसमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। कुल 1,042 वार्डों में चुनाव हो रहे हैं। महापौर और अध्यक्ष पद के लिए 562 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 235 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, वार्ड पार्षद पद के लिए 5,562 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 2,727 महिलाएं हैं।
Jharkhand Municipal elections: धनबाद के वार्ड 22 में तनाव
धनबाद के वार्ड नंबर 22 स्थित सुसनीलेवा नगर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। राज आनंद नाम के एक युवक पर मतदान प्रभावित करने और मतदाताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
धनबाद नगर निगम में कुल 55 वार्ड हैं, जहां 974 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इनमें 158 सामान्य, 647 संवेदनशील और 169 अतिसंवेदनशील बूथ शामिल हैं।
वार्ड 27 में समर्थकों के बीच झड़प
Jharkhand Municipal elections: वार्ड 27 में पार्षद प्रत्याशी पुष्पा देवी और पिंकी उर्मिला देवी के समर्थकों के बीच झड़प की खबर सामने आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। हालांकि, किसी बड़े हंगामे या बूथ लूट की घटना की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए 6,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की थी। कुल मिलाकर, कुछ तनावपूर्ण घटनाओं के बावजूद झारखंड में नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होते नजर आए। अब सभी की नजरें मतगणना और नतीजों पर टिकी हैं।
ये भी पढ़े: सीएम योगी के सिंगापुर दौरे का बड़ा असर, ₹8 हजार करोड़ के निवेश से यूपी में बनेगा 100 मेगावाट डेटा सेंटर






