JNU controversy: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) कैंपस में कथित विवादित नारेबाजी के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि भारत को तोड़ने की सोच रखने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
‘भारत को बांटने वालों की कोई जगह नहीं’
मीडिया से बातचीत में गिरिराज सिंह ने कहा कि जेएनयू अब ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का अड्डा बनता जा रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो लोग भारत को बांटने या पाकिस्तान जैसी सोच रखते हैं, वे किसी गलतफहमी में न रहें। यह नरेंद्र मोदी और अमित शाह की सरकार है और देश विरोधी ताकतों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
JNU controversy: शरजील और उमर खालिद के फैसले का स्वागत
केंद्रीय मंत्री ने शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत याचिका खारिज किए जाने पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह चरमपंथियों और नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया गया है, उसी तरह ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ को भी खत्म किया जाएगा।
भाजपा का कांग्रेस पर सीधा हमला
इस मुद्दे पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जेएनयू में लगने वाले नारे ‘अर्बन नक्सल’ विचारधारा को दर्शाते हैं, जिसे कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का समर्थन प्राप्त है।
JNU controversy: ‘मौन समर्थन दे रही कांग्रेस’
प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि उमर खालिद और शरजील इमाम जैसे लोगों के समर्थन में कांग्रेस नेताओं का सामने आना देशविरोधी सोच को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि जेएनयू में नारेबाजी पर कांग्रेस की चुप्पी मौन समर्थन के समान है और जनता बार-बार चुनाव में इसका जवाब दे चुकी है।
जेएनयू विवाद से बढ़ी सियासी तल्खी
जेएनयू कैंपस में नारेबाजी को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच टकराव लगातार गहराता जा रहा है। एक ओर भाजपा इसे राष्ट्र विरोधी गतिविधि बता रही है, वहीं विपक्ष पर देश की एकता और अखंडता के खिलाफ खड़े होने का आरोप लगाया जा रहा है।
ये भी पढ़े… जेएनयू नारेबाजी: विश्वास सारंग ने कहा- कृत्य देशद्रोह के समान, विपक्ष पर साधा निशाना जिम्मेदार






