Kanpur accident: सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता क्रेज एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। उत्तर प्रदेश के कानपुर में 18 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ नेवी भर्ती परीक्षा देकर घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में रील बनाने के दौरान हुए हादसे ने उसके और उसके परिवार के सभी सपनों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया।
नेवी परीक्षा देकर लौट रहे थे सभी दोस्त
मृतक की पहचान संभलपुर निवासी सौरभ कुशवाहा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सौरभ अपने चार दोस्तों के साथ नेवी भर्ती परीक्षा देकर वापस घर लौट रहा था। परीक्षा के बाद सभी दोस्त उत्साहित थे और सफर के दौरान वीडियो और रील्स बना रहे थे।
Kanpur accident: चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर बना रहा था वीडियो
बताया जा रहा है कि सौरभ चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो शूट कर रहा था। इसी दौरान सचेंडी थाना क्षेत्र के बछाऊपुर मोड़ के पास कार चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलटी खाती हुई सड़क किनारे जा गिरी।
कार के नीचे दबने से मौके पर ही मौत
हादसा इतना भीषण था कि सनरूफ से बाहर निकला सौरभ सीधे सड़क पर गिर गया और पलटती हुई कार के नीचे दब गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार उसके चारों दोस्त घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Kanpur accident: स्थानीय लोगों ने बचाई घायलों की जान
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद पलटी हुई कार को सीधा किया और अंदर फंसे युवकों को बाहर निकाला। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जिस बेटे के नेवी में चयन का सपना परिवार देख रहा था, उसकी मौत की खबर सुनते ही घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।
Kanpur accident: पुलिस ने बताई हादसे की वजह
सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है।
सनरूफ से बाहर निकलना क्यों है खतरनाक?
Kanpur accident: पुलिस का कहना है कि कई लोग सनरूफ को स्टंट और वीडियो शूटिंग का साधन समझ लेते हैं, जबकि इसका उद्देश्य केवल रोशनी और हवा के लिए होता है। चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना बेहद जोखिम भरा है। दुर्घटना की स्थिति में सबसे ज्यादा खतरा उसी व्यक्ति को होता है जो वाहन के बाहर निकला होता है।
ये भी पढ़ें: गोंडा में गरजे CM योगी, बोले- दंगाइयों ने उत्सव रोकने की कोशिश की तो वर्तमान ही नहीं, भविष्य भी होगा स्वाहा








