Home » Breaking News » केसी वेणुगोपाल केरल के अगले मुख्यमंत्री? दिल्ली में राहुल गांधी संग बैठक से बढ़ी अटकलें

केसी वेणुगोपाल केरल के अगले मुख्यमंत्री? दिल्ली में राहुल गांधी संग बैठक से बढ़ी अटकलें

Kerala New CM: केरल में नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री पद का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। इसी बीच बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल के बीच अहम बैठक हुई, जिससे राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

हाईकमान स्तर पर जारी मंथन

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी के 5 सुनहरी लेन स्थित आवास पर हुई बैठक में सरकार गठन और नेतृत्व को लेकर चर्चा हुई। हालांकि, आधिकारिक तौर पर बैठक का एजेंडा सामने नहीं आया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय माकन, मुकुल वासनिक और दीपा दासमुंशी अभी भी दिल्ली में मौजूद हैं, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि अंतिम निर्णय पर विचार-विमर्श जारी है।

Kerala New CM: विधायक दल की बैठक पर टिकी नजरें

कांग्रेस हाईकमान ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को तिरुवनंतपुरम स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचने के निर्देश दिए हैं। दोपहर एक बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि हाईकमान की मंजूरी मिलते ही मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है।

रोड शो और सरकार गठन की तैयारी

सूत्रों के अनुसार विधायक दल की बैठक के बाद ‘लोक भवन’ तक रोड शो भी निकाला जा सकता है। वहीं, केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ़ ने सरकार गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से संपर्क किया है।

Kerala New CM: यूडीएफ को मिला स्पष्ट बहुमत

गौरतलब है कि 4 मई को घोषित केरल विधानसभा चुनाव परिणामों में कांग्रेस नीत यूडीएफ गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिला था। हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला नहीं होने के कारण अब तक सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।

ये भी पढ़े… बंगाल में एक्शन में शुभेंदु सरकार, अब गौवंश की हत्या करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, नियम नहीं माने तो सीधे होगी जेल