Khan Sir arrest: खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक और चर्चित शिक्षक खान सर पर दर्ज आपराधिक मामले के बीच उनकी गिरफ्तारी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, खान सर किसी भी समय पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि उनके वकील अनुराग वर्मा की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं।
24 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं
पटना पुलिस की कई टीमें लगातार खान सर की कोचिंग और आसपास के इलाकों में नजर बनाए हुए हैं। पुलिस की पांच गाड़ियां रातभर अलग-अलग समय पर कोचिंग सेंटर पहुंचीं, लेकिन अब तक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। वहीं, बड़ी संख्या में छात्र रातभर कोचिंग सेंटर के बाहर डटे रहे। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर से छात्रों से घर लौटने की अपील करती रही, लेकिन समर्थक छात्र अपनी जगह पर बने रहे।
Khan Sir arrest: गार्ड्स के बयान के आधार पर केस दर्ज
मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों बॉडीगार्ड्स ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया है कि फायरिंग से पहले खान सर ने उनसे कहा था, “तुम गोली चलाओ, बाकी हम देख लेंगे।” इसी बयान के आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
Khan Sir arrest: 2 जून की घटना के बाद बढ़ा विवाद
गौरतलब है कि 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज परिसर के बाहर हमला और तोड़फोड़ की घटना हुई थी। इस दौरान खान सर के बॉडीगार्ड्स द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो भी सामने आया था। पुलिस दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
खान सर बोले- आत्मरक्षा में हुई फायरिंग
घटना के बाद खान सर ने कहा कि उस समय हालात तनावपूर्ण थे और पुलिस को पहुंचने में समय लगना स्वाभाविक था। उन्होंने दावा किया कि गार्ड्स ने आत्मरक्षा में फायरिंग की थी और किसी व्यक्ति को निशाना नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा, “गार्ड्स इसलिए रखे जाते हैं ताकि आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा की जा सके।”
छात्रों को दिया संदेश
इस बीच छात्रों को भेजे गए एक संदेश में दावा किया गया है कि खान सर की क्लास नियमित रूप से जारी रहेगी। वहीं एक वीडियो में खान सर छात्रों को संबोधित करते हुए कहते नजर आए कि अगर खान ग्लोबल स्टडीज बंद हो गया तो कई कोचिंग संस्थानों की फीस में भारी बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य केवल शिक्षा उपलब्ध कराना है, न कि आर्थिक लाभ कमाना।
कोर्ट परिसर और कोचिंग के बाहर पुलिस अलर्ट
खान सर की संभावित गिरफ्तारी को देखते हुए पटना सिविल कोर्ट और कोचिंग परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, यदि खान सर कोर्ट में सरेंडर के लिए पहुंचते हैं तो पुलिस तत्काल कार्रवाई कर सकती है। हालांकि उनके वकील कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं और स्थिति के अनुसार आगे की रणनीति तय करेंगे।
यह भी पढे़ : राज्यसभा चुनाव में नया ट्विस्ट! कैलाश विजयवर्गीय बोले- तीसरे प्रत्याशी उतारे की जीत भी सुनिश्चित करेंगे








