Khan Sir: बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग संस्थानों से जुड़े विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रौशन आनंद की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार शाम सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने कैंडल मार्च निकालकर उनकी रिहाई की मांग की और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए दिखाई दिए।
कारगिल चौक पर जुटे सैकड़ों छात्र
जानकारी के अनुसार, रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर छात्र पटना के कारगिल चौक पर एकत्रित हुए। छात्रों ने कैंडल मार्च निकालते हुए कहा कि उनके संस्थान के निदेशक के साथ न्याय होना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन के सामने रखा। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई।
Khan Sir: पुलिस ने बताया शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन
पटना टाउन के पुलिस उपाधीक्षक राजेश रंजन ने बताया कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। छात्रों ने अपनी बात रखी और बाद में उन्हें समझाकर वापस भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी बताया कि संबंधित मामले में एक अन्य कोचिंग संस्थान के दो सुरक्षा कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है तथा कुछ लोगों से पूछताछ की गई है।
पथराव और तोड़फोड़ के बाद हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्थित एक कोचिंग संस्थान पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। आसपास के लोगों से पूछताछ और निगरानी कैमरों के फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान कुछ लोगों की संलिप्तता के संकेत मिले थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
ये भी पढ़ें…मुरैना के डिप्टी कलेक्टर रेप केस में गिरफ्तार, 19 जून तक न्यायिक हिरासत








