Kharge Diwali Statement: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का दिवाली को लेकर दिया गया बयान राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। उनके बयान पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस पर धार्मिक तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं, AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने भी खड़गे के बयान को राजनीतिक स्टंट बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
Kharge Diwali Statement: क्या बोले मल्लिकार्जुन खड़गे?
दिवाली के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देशवासियों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिवाली भारत का एक बड़ा त्योहार है, जिसे सभी लोग मिलकर मनाते हैं।उन्होंने कहा, “मैं सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देता हूं। यह हमारे हिंदुस्तान का बहुत बड़ा त्योहार है, जिसे सभी लोग मनाते हैं। इसका एक ही कारण है कि यह खुशियों की ईद है और लंबे समय तक चलने वाली ईद यही है।”
कांग्रेस ने किया खड़गे के बयान का बचाव
खड़गे के बयान पर विवाद शुरू होने के बाद कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने उनका बचाव किया। उनका कहना है कि खड़गे ने ‘ईद’ शब्द का इस्तेमाल खुशी और उत्सव के अर्थ में किया था।कांग्रेस के मुताबिक, उनके बयान का उद्देश्य अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों के बीच सम्मान, एकता और भाईचारे का संदेश देना था।
Kharge Diwali Statement: BJP ने लगाया धार्मिक तुष्टीकरण का आरोप
खड़गे के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के प्रवक्ता सीआर केसवन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।उन्होंने इसे धार्मिक तुष्टीकरण की राजनीति बताते हुए कहा कि कांग्रेस अपने राजनीतिक फायदे के लिए हिंदू त्योहारों और परंपराओं का अपमान करने से भी पीछे नहीं हटती। इस दौरान उन्होंने खड़गे के महाकुंभ पर दिए गए पुराने बयान और राहुल गांधी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी का भी जिक्र किया।बीजेपी प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि अगर खड़गे ने ईद को रंगों का त्योहार बताते हुए उसकी तुलना होली से की होती, तो उनके खिलाफ अब तक फतवे जारी हो गए होते। उन्होंने सवाल उठाया कि सनातन हिंदू धर्म को लेकर ही इस तरह की टिप्पणियां क्यों की जाती हैं। साथ ही उन्होंने हिंदुओं से जागरूक होने की अपील भी की।
प्रदीप भंडारी और नितेश राणे ने भी साधा निशाना
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी खड़गे के बयान को तुष्टीकरण की राजनीति से जोड़ते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस ईद के मौके पर भी किसी हिंदू त्योहार से इसी तरह की तुलना करेगी? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह रवैया सनातन धर्म के प्रति उसकी सोच को दर्शाता है।वहीं, महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री और बीजेपी नेता नितेश राणे ने भी कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर खड़गे ने ईद को रंगों का त्योहार बताते हुए उसकी तुलना होली से की होती, तो अब तक उनके नाम पर फतवा जारी हो गया होता।
Kharge Diwali Statement: AIMIM ने भी बताया राजनीतिक स्टंट
इस विवाद में AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिवाली हिंदू समुदाय का बड़ा त्योहार है और ईद भी खुशियों का त्योहार है। हालांकि, दोनों त्योहारों को जोड़कर इस तरह का बयान देना किसी खास वोटर वर्ग को खुश करने की राजनीतिक कोशिश हो सकती है।वारिस पठान ने खड़गे की टिप्पणी को राजनीतिक स्टंट बताया और कांग्रेस पर सवाल उठाए।
BJP का आरोप- चुनाव से पहले वोट बैंक साध रही कांग्रेस
बीजेपी ने खड़गे के बयान को उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से भी जोड़ दिया है। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव से पहले अपने वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।बीजेपी नेता तरुण चुघ ने भी खड़गे के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ बताकर कांग्रेस अध्यक्ष आखिर किसे खुश करना चाहते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ खास वर्गों को खुश करने की कोशिश में कांग्रेस अब हिंदू त्योहारों की अलग पहचान को भी स्वीकार नहीं कर रही है। उनके मुताबिक, यह करोड़ों सनातन धर्म के अनुयायियों की आस्था का अपमान है।
Kharge Diwali Statement: गौरव भाटिया ने राहुल गांधी और खड़गे को दी चुनौती
बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि दिवाली की शुभकामनाएं देते समय ईद का जिक्र करने की क्या जरूरत थी?भाटिया ने आरोप लगाया कि इसके पीछे हिंदुओं की धार्मिक पहचान को बदलने का उद्देश्य है। उन्होंने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को चुनौती देते हुए कहा कि वे ईद के मौके पर लोगों को ‘खुशियों की दिवाली’ कहकर शुभकामनाएं दें।








