Home » मनोरंजन » 3 दिन में 375 करोड़ की कमाई, फिर भी रामायण के सामने बड़ी चुनौती; क्या 5000 करोड़ तक पहुंचेगी फिल्म?

3 दिन में 375 करोड़ की कमाई, फिर भी रामायण के सामने बड़ी चुनौती; क्या 5000 करोड़ तक पहुंचेगी फिल्म?

रामायण पार्ट-1 ने 3 दिन में कमाए 375 करोड़
रामायण पार्ट-1 ने 3 दिन में कमाए 375 करोड़

Ramayana Part 1: 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘रामायण पार्ट-1’ ने शुरुआती 3 दिनों में दुनियाभर में 375.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। बड़े बजट की भारतीय फिल्मों के लिए 1000 करोड़ रुपये की कमाई भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। वहीं, ‘रामायण’ के दोनों पार्ट बनाने में कथित तौर पर करीब 4000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस बजट के साथ यह भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे महंगी फिल्म बताई जा रही है।ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि फिल्म को अपनी लागत निकालने और मुनाफा कमाने के लिए कितनी कमाई करनी होगी? क्या फिल्म 5000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर पाएगी? आखिर इस फिल्म को बनाने में इतना पैसा कहां खर्च हुआ है और दर्शकों को इसमें क्या खास देखने को मिल रहा है? आइए समझते हैं पूरी कहानी।

Ramayana Part 1: पहले 3 दिनों में कैसी रही ‘रामायण’ की कमाई?

फिल्म इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क और दूसरी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ ने रिलीज के पहले 3 दिनों में दुनियाभर में 375.5 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है।फिल्म ने 5 नवंबर को भारत में 77.5 करोड़ रुपये और विदेशों में 51.25 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह पहले दिन इसकी दुनियाभर की कुल कमाई 128.75 करोड़ रुपये रही। 6 नवंबर को भारत में फिल्म का कलेक्शन घटकर 57.30 करोड़ रुपये और विदेशों में 44 करोड़ रुपये रह गया। इस दिन फिल्म ने कुल 101.30 करोड़ रुपये कमाए। यानी पहले दिन के मुकाबले भारत में कमाई 26.1% और दुनियाभर में 21.3% कम हुई।हालांकि, तीसरे दिन यानी 7 नवंबर को फिल्म की कमाई में फिर तेजी देखने को मिली। इस दिन भारत में 83.45 करोड़ रुपये और विदेशों में 62 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इसके साथ ही फिल्म का एक दिन का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 143.45 करोड़ रुपये पहुंच गया। तीसरे दिन भारत में कमाई 45.6% और दुनियाभर में 41% बढ़ी।फिल्म क्रिटिक और ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, दिवाली से पहले का समय होने के कारण शुक्रवार को फिल्म के कारोबार पर असर पड़ा। उनका कहना है कि फिल्म की कमाई की वास्तविक स्थिति समझने वाले लोगों के लिए शुरुआती दो दिनों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक रहा है।फिल्म में रणबीर कपूर ने भगवान राम, साई पल्लवी ने माता सीता और रवि दुबे ने लक्ष्मण की भूमिका निभाई है।

मुनाफे में आने के लिए कितनी कमाई करनी होगी?

ट्रेड एक्सपर्ट रमेश बाला के मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री में ब्रेक-ईवन का एक सामान्य फॉर्मूला है। इसके अनुसार, किसी फिल्म को अपनी लागत निकालने के लिए आमतौर पर बजट का करीब 2.5 गुना कमाना पड़ता है। ब्रेक-ईवन का मतलब वह स्थिति है, जब फिल्म की कमाई से उसकी पूरी लागत निकल जाए और न तो नुकसान हो और न ही मुनाफा।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ के दोनों पार्ट बनाने में करीब 4000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस हिसाब से पहले पार्ट का बजट लगभग 2000 करोड़ रुपये माना जा रहा है। अगर 2.5 गुना कमाई के इस फॉर्मूले को लागू करें, तो फिल्म के पहले पार्ट को अपनी लागत निकालने के लिए करीब 5000 करोड़ रुपये का कारोबार करना होगा।हालांकि, यह कोई पक्का गणितीय नियम नहीं है। जून 2026 में फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी ने भी एक पॉडकास्ट में फिल्म की कमाई का गणित समझाते हुए इसी तरह की बात कही थी। उन्होंने बताया था कि जब किसी फिल्म के 100 या 200 करोड़ रुपये कमाने की खबर आती है, तो इसका मतलब यह नहीं होता कि पूरी रकम फिल्म के निर्माता को मिल जाती है।

Ramayana Part 1: रामायण पर 4000 करोड़ खर्च, जानें कमाई का गणित
रामायण पर 4000 करोड़ खर्च, जानें कमाई का गणित

हिरानी के मुताबिक, अगर कोई फिल्म 100 करोड़ रुपये कमाती है, तो निर्माता तक इसका करीब 35 से 40% हिस्सा ही पहुंचता है। टिकट से मिलने वाली कमाई का लगभग 50% हिस्सा मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों को जाता है। पहले हफ्ते में थिएटर मालिक कमाई का करीब 50% हिस्सा लेते हैं, जबकि दूसरे हफ्ते में यह हिस्सेदारी बढ़कर 60% तक हो सकती है। इसके बाद बची हुई रकम का बड़ा हिस्सा डिस्ट्रीब्यूटर और फिल्म के प्रचार पर खर्च होता है।दरअसल, टिकटों की बिक्री से मिलने वाली कुल रकम को ग्रॉस कलेक्शन कहा जाता है। इसमें से टैक्स हटाने के बाद नेट कलेक्शन निकलता है। इसके बाद डिस्ट्रीब्यूटर और निर्माता के बीच तय समझौते के अनुसार कमाई का बंटवारा होता है। इसके अलावा फिल्म के प्रचार और मार्केटिंग पर भी काफी पैसा खर्च किया जाता है।

Ramayana Part 1: सिर्फ टिकटों से नहीं होती फिल्म की कमाई

फिल्म की कमाई का जरिया केवल सिनेमाघरों में बिकने वाले टिकट नहीं होते। राजकुमार हिरानी के मुताबिक, थिएटर के अलावा भी फिल्मों के पास कमाई के तीन बड़े साधन होते हैं। इनमें सैटेलाइट टीवी चैनलों को फिल्म के प्रसारण अधिकार बेचना, ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करना और म्यूजिक के अधिकार बेचना शामिल है।इन सभी माध्यमों से मिलने वाली रकम भी फिल्म की कुल कमाई में जुड़ती है। ऐसे में यह जरूरी नहीं है कि ‘रामायण पार्ट-1’ को अपनी लागत निकालने के लिए केवल टिकटों की बिक्री से ही 5000 करोड़ रुपये कमाने पड़ें। बताया जा रहा है कि सिनेमाघरों में रिलीज के बाद फिल्म को जियो हॉटस्टार पर भी रिलीज किया जाएगा।हिरानी ने यह भी बताया था कि अब फिल्मों का मार्केटिंग बजट काफी बढ़ गया है। पहले प्रचार पर इतना खर्च नहीं होता था, लेकिन अब दर्शकों तक पहुंचना मुश्किल होता जा रहा है। यही वजह है कि किसी भी फिल्म के प्रचार पर 10 करोड़ रुपये से कहीं ज्यादा खर्च किए जाने लगे हैं।

Ramayana Part 1: क्या 5000 करोड़ रुपये कमा पाएगी ‘रामायण’?

फिल्म 5000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर पाएगी या नहीं, इसका पता उसकी आगे की कमाई से चलेगा। फिल्म की सफलता को समझने के लिए तीन प्रमुख बातों पर ध्यान देना जरूरी है।

1. एडवांस बुकिंग से पता चलती है शुरुआती मांग

किसी भी फिल्म की एडवांस बुकिंग से यह अंदाजा लगाया जाता है कि रिलीज से पहले दर्शकों के बीच उसे लेकर कितनी दिलचस्पी है। ट्रेड एक्सपर्ट रमेश बाला के मुताबिक, ‘रामायण’ को अच्छी ओपनिंग मिलने के लिए रिलीज से पहले करीब 75 से 100 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग होनी चाहिए थी। वहीं, अगर यह आंकड़ा 150 से 200 करोड़ रुपये तक पहुंचता, तो फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत मिल सकती थी।सैकनिल्क के मुताबिक, 5 नवंबर को रिलीज से पहले फिल्म की दुनियाभर में करीब 152 करोड़ रुपये की प्री-सेल्स हुई थी। इसमें टिकटों की बिक्री के साथ सिनेमाघरों की ओर से पहले से ब्लॉक की गई सीटें भी शामिल थीं।हालांकि, एडवांस बुकिंग के मामले में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ यानी ‘धुरंधर पार्ट-2’ का रिकॉर्ड इससे बड़ा रहा। पुष्पा-2, लियो, आरआरआर और बाहुबली-2 जैसी दक्षिण भारतीय फिल्मों के बाद यह पहली बॉलीवुड फिल्म थी, जिसकी रिलीज से पहले दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की प्री-बुकिंग हुई थी।खास बात यह है कि ‘धुरंधर पार्ट-2’ का बजट करीब 225 करोड़ रुपये था, जबकि फिल्म ने दुनियाभर में 1813 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। इस तुलना में ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग का आंकड़ा काफी पीछे नजर आता है।

रामायण की कमाई और 4000 करोड़ के बजट का गणित
रामायण की कमाई और 4000 करोड़ के बजट का गणित
2. पहले दिन की कमाई से मिलता है फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा

एडवांस बुकिंग के बाद फिल्म के लिए रिलीज का पहला दिन सबसे अहम होता है। रमेश बाला के मुताबिक, ‘रामायण’ को अच्छी शुरुआत के लिए दुनियाभर में 175 से 200 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन करना चाहिए था। हालांकि, फिल्म पहले दिन केवल 128.75 करोड़ रुपये ही कमा सकी। इसके बाद दूसरे दिन इसकी कमाई में और गिरावट दर्ज की गई।वहीं, ‘धुरंधर पार्ट-2’ ने रिलीज के पहले दिन दुनियाभर में 226.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।अगर ‘रामायण’ की तुलना प्रभास की फिल्म ‘आदिपुरुष’ से करें, तो दोनों की पहले दिन की कमाई लगभग बराबर रही। करीब 700 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘आदिपुरुष’ ने पहले दिन दुनियाभर में लगभग 128.08 करोड़ रुपये कमाए थे।हालांकि, दूसरे दिन ‘रामायण’ का प्रदर्शन ‘आदिपुरुष’ से बेहतर रहा। जहां ‘रामायण’ ने दूसरे दिन दुनियाभर में 101.30 करोड़ रुपये कमाए, वहीं ‘आदिपुरुष’ का दूसरे दिन का ग्रॉस कलेक्शन करीब 87.70 करोड़ रुपये था। आखिरकार ‘आदिपुरुष’ दुनियाभर में केवल 393 करोड़ रुपये का कारोबार कर पाई थी।

3. दर्शकों की प्रतिक्रिया और वर्ड ऑफ माउथ सबसे अहम

किसी फिल्म को लंबे समय तक सिनेमाघरों में बनाए रखने में दर्शकों की प्रतिक्रिया की बड़ी भूमिका होती है। अगर लोगों को फिल्म पसंद आती है, तो वे अपने दोस्तों और परिवार के लोगों को भी इसे देखने की सलाह देते हैं। इसी को वर्ड ऑफ माउथ कहा जाता है।तरण आदर्श के मुताबिक, किसी फिल्म की सफलता केवल उसकी शानदार ओपनिंग पर निर्भर नहीं करती। फिल्म को लंबे समय तक दर्शक मिलते रहें, इसके लिए सकारात्मक प्रतिक्रिया बहुत जरूरी है।इसका उदाहरण इसी साल 7 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ है। फिल्म ने पहले हफ्ते में केवल 1.08 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे हफ्ते में इसकी कमाई घटकर 40 लाख रुपये रह गई, लेकिन तीसरे हफ्ते में अचानक उछाल आया और फिल्म ने करीब 10.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया। चौथे हफ्ते में इसकी कमाई लगभग 61 करोड़ रुपये पहुंच गई।सैकनिल्क के मुताबिक, 6 नवंबर तक 92 दिनों में ‘हनुमान अंश’ दुनियाभर में 453.22 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी थी।‘रामायण’ की बात करें तो दूसरे दिन कमाई में गिरावट के बाद तीसरे दिन फिल्म ने अच्छी वापसी की। तरण आदर्श का अनुमान है कि दिवाली के बाद सोमवार से बुधवार के बीच फिल्म की कमाई में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने फिल्म को 5 में से 5 स्टार की रेटिंग भी दी है।सिनेमा चेन सिनेपोलिस इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर देवांग संपत के मुताबिक, आमतौर पर किसी फिल्म के प्रदर्शन का आकलन दो वीकेंड के आंकड़ों के आधार पर किया जाता है। हालांकि, कई बार दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर सकारात्मक चर्चा बनने में इससे ज्यादा समय भी लग सकता है।

Ramayana Part 1: फिल्म के पहले पार्ट पर 2000 करोड़ रुपये क्यों खर्च हुए?

बड़े बजट की फिल्मों के निर्माता आमतौर पर खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक नहीं करते। हालांकि, फिल्म के सेट, कलाकारों, तकनीक और प्रोडक्शन के स्तर को देखकर इसके बजट का अंदाजा लगाया जा सकता है।‘रामायण’ को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। इसके भव्य सेट, विजुअल इफेक्ट्स, तकनीकी टीम, कलाकारों के कॉस्ट्यूम और संगीत पर काफी पैसा खर्च किया गया है। फिल्म के बजट में सबसे बड़ी भूमिका वीएफएक्स, सेट डिजाइन और कलाकारों से जुड़ी लागत की मानी जा रही है।

Ramayana Part 1: रामायण का बजट, कमाई और फिल्म की खास बातें
रामायण का बजट, कमाई और फिल्म की खास बातें
1. वीएफएक्स और कंप्यूटर इमेजरी पर भारी खर्च

‘रामायण’ में अयोध्या, लंका, जंगल, पुष्पक विमान और युद्ध के दृश्यों को बड़े पैमाने पर दिखाया गया है। इन सभी दृश्यों को पर्दे पर वास्तविक और भव्य रूप देने के लिए कंप्यूटर जनरेटेड इमेजरी यानी सीजीआई और विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया गया है।फिल्म के वीएफएक्स का काम नमित मल्होत्रा की कंपनी डीएनईजी ने किया है। यह कंपनी हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों जैसे ‘इंसेप्शन’, ‘इंटरस्टेलर’ और ‘ड्यून’ में भी विजुअल इफेक्ट्स का काम कर चुकी है। इन फिल्मों में वीएफएक्स पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।डीएनईजी को अब तक बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में 8 ऑस्कर मिल चुके हैं। ऐसे में ‘रामायण’ के वीएफएक्स पर भी बड़े बजट में काम किया गया है। निर्देशक नितेश तिवारी के मुताबिक, फिल्म के कुछ वीएफएक्स सीक्वेंस तैयार करने में करीब 3 साल का समय लगा।

2. 150 से ज्यादा सेट बनाने में खर्च हुए करोड़ों रुपये

फिल्म के आर्ट डायरेक्टर रमेश अंधाले ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि ‘रामायण’ के लिए सेट बनाने का काम 2024 में शुरू हुआ था। फिल्म के अलग-अलग दृश्यों के लिए करीब 150 सेट तैयार किए गए।उन्होंने बताया कि रावण का सिंहासन बनाने में 4 महीने लगे और इस पर करीब 1 करोड़ रुपये खर्च हुए। इसे तैयार करने में 24 कैरेट गोल्ड लीफ का इस्तेमाल किया गया। वहीं, शूर्पणखा का रथ बनाने में लगभग 1.5 करोड़ रुपये खर्च हुए।इसके अलावा जटायु का 24 फीट ऊंचा मॉडल और 50 फीट लंबा पुष्पक विमान भी तैयार किया गया। इन दोनों को बनाने में कई महीनों की मेहनत लगी। फिल्म में दिखाए गए रावण के पुष्पक विमान को तैयार करने में करीब 50 दिन का समय लगा।

3. कलाकारों, संगीतकारों और तकनीकी टीम पर बड़ा खर्च

‘रामायण’ के संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार हैंस जिमर और ए.आर. रहमान ने संभाली है। मीडिया रिपोर्ट्स और अनुमानों के मुताबिक, अकेले हैंस जिमर की फीस 50 से 80 करोड़ रुपये तक हो सकती है।फिल्म की शूटिंग अप्रैल 2024 में शुरू हुई थी और जुलाई 2025 तक चली। इसकी शूटिंग मुंबई फिल्म सिटी से लेकर विदेशों की अलग-अलग लोकेशन पर की गई। इस दौरान लोकेशन, कलाकारों के आने-जाने, कॉस्ट्यूम, गहने, हथियार, मेकअप और लाइटिंग पर काफी पैसा खर्च हुआ।फिल्म की शूटिंग के दौरान रोजाना करीब 500 कलाकारों और कर्मचारियों ने काम किया। इतनी बड़ी टीम को संभालने और फिल्म के हर दृश्य को भव्य बनाने में भी बड़ी रकम खर्च हुई।हालांकि, 6 नवंबर को अपनी फिल्म ‘मातृभूमि’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अभिनेता सलमान खान ने ‘रामायण’ के 4000 करोड़ रुपये के बजट को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि फिल्म की चर्चा उसके वीएफएक्स या प्रोडक्शन कॉस्ट के बजाय उसकी कहानी पर होनी चाहिए। उनके मुताबिक, दर्शकों को राम, रावण और सीता जैसे किरदारों के साथ-साथ धर्मग्रंथों से जुड़ी कहानी पर बात करनी चाहिए।

Ramayana Part 1: ‘रामायण’ के किन हिस्सों की सबसे ज्यादा हो रही तारीफ?

फिल्म को लेकर अब तक तीन चीजों की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। इनमें इसके शानदार वीएफएक्स और एक्शन सीक्वेंस, रावण के किरदार में यश की एक्टिंग और जटायु द्वारा माता सीता को बचाने का दृश्य शामिल है। इसके अलावा पुष्पक विमान वाले सीक्वेंस को भी दर्शकों की ओर से पसंद किया जा रहा है।‘रोबोट 2.0’ जैसी कई बड़ी फिल्मों का निर्देशन कर चुके एस. शंकर ने फिल्म की तारीफ की है। उन्होंने यश के अभिनय को शानदार बताते हुए कहा कि उन्हें हर फ्रेम में देखना अच्छा लगता है। उन्होंने यश को एक प्रभावशाली विलेन बताया और रणबीर कपूर तथा साई पल्लवी को भी शुभकामनाएं दीं।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी यश के अभिनय की काफी चर्चा हो रही है। एक यूजर ने लिखा कि रावण का किरदार निभाने का फैसला यश के लिए एक अलग और साहसिक चुनाव था। उन्होंने अपने अभिनय से हर सीन पर प्रभाव छोड़ा है। उनके किरदार में खौफ, रौब और एक अलग अंदाज देखने को मिलता है।एस. शंकर ने फिल्म के विजुअल्स की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा में इस स्तर के विजुअल्स पहले देखने को नहीं मिले हैं। फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए उन्होंने नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी की सराहना की। साथ ही शानदार वीएफएक्स, बेहतरीन प्रोडक्शन, फिल्म के लुक और फील के अलावा ए.आर. रहमान और हैंस जिमर के संगीत तथा साउंड डिजाइन को भी शानदार बताया।

Ramayana Part 1: फिल्म की कहानी और अभिनय को लेकर उठे सवाल

हालांकि, फिल्म को लेकर सभी प्रतिक्रियाएं सकारात्मक नहीं हैं। कुछ फिल्म समीक्षकों ने इसकी कमियों की ओर भी ध्यान दिलाया है। उनके मुताबिक, करीब 3 घंटे 15 मिनट लंबा फिल्म का पहला पार्ट कुछ जगहों पर धीमा महसूस होता है।फिल्म की कहानी में माता सीता के अपहरण तक की घटनाएं दिखाई गई हैं, जबकि ज्यादातर बड़े एक्शन सीक्वेंस अगले पार्ट के लिए रखे गए हैं। इसके अलावा रणबीर कपूर के अभिनय को लेकर भी वैसी तारीफ नहीं हो रही, जैसी उम्मीद की जा रही थी।कुछ समीक्षकों का मानना है कि भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर और माता सीता का किरदार निभाने वाली साई पल्लवी के बीच भावनात्मक जुड़ाव पर्दे पर उतना प्रभावशाली नहीं बन पाया है। वहीं, कुछ रिव्यू में फिल्म के संगीत को भी उम्मीद से कमजोर बताया गया है।इस तरह ‘रामायण पार्ट-1’ ने शुरुआती तीन दिनों में अच्छी कमाई जरूर की है, लेकिन 2000 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट के मुकाबले यह अभी लंबा सफर तय करना बाकी है। फिल्म आगे कितनी कमाई कर पाएगी, यह काफी हद तक दर्शकों की प्रतिक्रिया, आने वाले दिनों के कलेक्शन और सिनेमाघरों में इसकी पकड़ पर निर्भर करेगा।

यह भी पढ़े- वायु प्रदूषण: जहरीली हवा की चपेट में आया स्वच्छ इंदौर, आधी रात को AQI 1708 तक पहुंचा