Home » उत्तर प्रदेश » Lakhimpur Kheri: मोहम्मदी में अवैध खनन पर भूख हड़ताल समाप्त, प्रशासन ने 5 दिन में कार्रवाई का दिया आश्वासन

Lakhimpur Kheri: मोहम्मदी में अवैध खनन पर भूख हड़ताल समाप्त, प्रशासन ने 5 दिन में कार्रवाई का दिया आश्वासन

Lakhimpur Kheri

Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन के खिलाफ उठी आवाज एक बार फिर सुर्खियों में है। न्याय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदेश जोशी ने अपने पूरे परिवार के साथ तीन दिसंबर 2025 को रामलीला मैदान में शुरू की गई अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को देर शाम प्रशासनिक आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया। शाम 7:30 बजे मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार बालक राम, नायब तहसीलदार सर्वेश यादव और कस्बा इंचार्ज मुईन अहमद ने जोशी से बातचीत कर अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि 5 दिनों के भीतर ठोस परिणाम देखने को मिलेंगे। प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए रात में जोशी और उनके परिवार को सरकारी वाहन से घर भी पहुंचाया।

अवैध खनन पर जोशी का गंभीर आरोप

आदेश जोशी ने कहा कि मोहम्मदी विधानसभा क्षेत्र में मिट्टी और बालू का अवैध खनन बड़े पैमाने पर जारी है, जिससे न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है बल्कि सरकारी राजस्व की भी भारी हानि हो रही है। जोशी का कहना है कि  1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कई शिकायतें, संपूर्ण समाधान दिवस में लिखित ज्ञापन तथा अधिकारियों को बार-बार शिकायतें देने के बावजूद किसी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

Lakhimpur Kheri: बड़े स्तर पर भूख हड़ताल करने की चेतावनी

जोशी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 5 दिनों के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो हम लखीमपुर में बड़े स्तर पर भूख हड़ताल और प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस आंदोलन की खास बात यह रही कि आदेश जोशी के साथ उनकी पत्नी नेहा जोशी, बेटी नैंशी जोशी, अमित जोशी, संगीता, निशा और आर्यव सहित कई परिवारजन भी अनशन पर बैठे। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने इस धरने को और अधिक संवेदनशील व प्रभावशाली बना दिया। वहीं अधिकारियों द्वारा दिया गया आश्वासन बताता है कि अब प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ चुका है। मोहम्मदी क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं की गतिविधियाँ लंबे समय से चर्चा में हैं और यह मुद्दा अब केवल स्थानीय समस्या नहीं रहा।अवैध खनन, पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक जवाबदेही जैसे बड़े सवाल अब राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक उठने लगे हैं।

Report By: संजय कुमार राठौर   

ये भी पढ़े…  Mahmood Madani: महमूद मदनी की टिप्पणी को अफजाल अंसारी का समर्थन, वंदे मातरम पर भी कही बड़ी बात…