Home » अंतर्राष्ट्रीय » सोना खोजने के लिए गुफा में घुसे और वहीं फंसे रह गए, 10 दिन बाद रेंगकर आए बाहर

सोना खोजने के लिए गुफा में घुसे और वहीं फंसे रह गए, 10 दिन बाद रेंगकर आए बाहर

Laos: सोना खोजने के लिए गुफा में घुसे और वहीं फंसे रह गए, 10 दिन बाद रेंगकर आए बाहर
Laos: जीवन के लिए आदमी को जोखिम उठाने पडते हैं। कुछ लोग सोना खोजने के लालच में लाओस की एक गुफा में घुसे और वहीं फंसकर रह गए।आश्चर्यजनक यह है कि 10 दिन से फंसे चार लोग रेंगकर सुरक्षित बाहर भी निकल आए। बचाव दल के अनुसार अभी भी दो लोग लापता हैं। ये सभी पानी से भरी एक गुफा में फंस गए थे। अधिकारियों के अनुसार, गुफा में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचावकर्मी लगातार अभियान चला रहे हैं। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और गुफा में भरे पानी के बावजूद टीमों ने सफलतापूर्वक चार लोगों को बाहर निकाला।

बचाव अभियान अभी जारी है और शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां अभियान में समन्वय के साथ काम कर रही हैं।

पंपों से निकाला जा रहा गुफा का पानी

लाओस के मध्य क्षेत्र में स्थित एक आंशिक रूप से जलमग्न गुफा में 10 दिनों से फंसे चार और लोगों को शनिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे पहले शुक्रवार को एक व्यक्ति को बचाया गया था। हालांकि, अभी भी दो लोग लापता बताए जा रहे हैं।

स्थानीय मीडिया आउटलेट्स के अनुसार, बचाव अभियान में शामिल मलेशियाई गोताखोर ली कियान ली ने बताया कि पानी का स्तर लगातार पंपों की मदद से कम किया जा रहा है, जिससे फंसे लोगों को बाहर निकालना संभव हो सका। उन्होंने 30 मई की दोपहर इसका ऐलान किया। बोले, “पंप से पानी निकालने में तेजी आई और इससे गुफा में पानी का स्तर कम हो गया है, इसलिए वे खुद बाहर निकलने में सक्षम थे।”

वहीं, थाई डाइविंग एसोसिएशन के फेसबुक पेज के अनुसार, वे 30 मई को दोपहर 3:10 बजे गुफा से बाहर निकले। संगठन ने बताया, “कुल पांच लोग बच निकले हैं, दो अभी भी लापता हैं।”

Laos:  बारिश ने बंद किया गुफा का द्वार

स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, सात लोग 20 मई से जायसोम्बौन प्रांत के एक दूरदराज पहाड़ी क्षेत्र की गुफा में फंसे हुए थे। वे सोने की तलाश में गुफा में गए थे, तभी भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ ने गुफा का निकास मार्ग बंद कर दिया।

बुधवार को बचावकर्मियों ने पांच लोगों को जीवित खोज लिया था। वे गुफा के मुहाने से लगभग 300 मीटर अंदर एक संकरे हिस्से में शरण लिए हुए थे। शुक्रवार को एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया और शनिवार को चार अन्य लोगों को भी बचा लिया गया।

Laos:  लापता की तलाश जारी

लाओ पीपुल्स वॉलंटियर टीम के बचावकर्मी बौनखाम लुआंगलाथ के अनुसार, बचाव दल शनिवार सुबह गुफा में फंसे चार लोगों की सहायता के लिए प्रवेश करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन “उनके पहुंचने से पहले ही, समूह खुद ही रेंगकर बाहर निकल आया।”

फिलहाल बचाव दल शेष दो लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है और अभियान लगातार जारी है।

ये भी पढ़ें..राजस्थान में धूलभरे तूफान ने मचाई अफरा-तफरी, लाल नजर आया आसमान

Leave a Comment