Live CJP Protest: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रदर्शन को शनिवार को नया बल तब मिला, जब प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) और दीपांकर भट्टाचार्य (Dipankar Bhattacharya) भी प्रदर्शन में शामिल हुए। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आवाज बुलंद की गई।
सोनम वांगचुक पहुंचे जंतर-मंतर
लद्दाख के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता और नवाचार विशेषज्ञ Sonam Wangchuk जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों के समर्थन में खड़े नजर आए। उनके पहुंचने से आंदोलन को नैतिक समर्थन मिला और प्रदर्शनकारियों का उत्साह बढ़ा।

Live CJP Protest: दीपांकर भट्टाचार्य ने भी जताया समर्थन
सीपीआई (एमएल) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य (Dipankar Bhattacharya) ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। उन्होंने छात्रों और युवाओं की मांगों का समर्थन करते हुए आंदोलन के प्रति एकजुटता दिखाई।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर CJP का हमला
कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से कहा गया कि उनका एकमात्र एजेंडा शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करना है। संगठन ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और उन्हें पद से इस्तीफा देना चाहिए।
Live CJP Protest: अभिजीत दीपके का राजनीतिक मुद्दों पर सवाल
प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि पिछले कई वर्षों से देश को हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दों में उलझाकर रखा गया, जबकि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे पीछे छूट गए। उन्होंने सवाल उठाया कि धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति से युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर कितने मिले हैं।
सुरक्षा के बीच जारी रहा प्रदर्शन
जंतर-मंतर पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। बड़ी संख्या में छात्र-युवा आंदोलन में शामिल हुए और शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा छात्रों के हितों की रक्षा की मांग उठाते रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से उनकी आवाज उठती रहेगी।
ये भी पढ़े… पाकिस्तानी’ कहे जाने पर भड़का वेदांत? कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट पर दिया रिएक्शन








