Live CJP Protest : ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के युवाओं को डराकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब युवा डर की राजनीति से नहीं डरेंगे। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए। आंदोलन को शिक्षाविद एवं पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) का भी समर्थन मिला।
डर की राजनीति पर अभिजीत दीपके का हमला
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनके परिवार में यह चिंता थी कि भारत लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल उनके परिवार का डर नहीं, बल्कि हर उस छात्र और युवा का डर है जो सरकार के खिलाफ अपनी बात रखना चाहता है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि युवा इस डर की राजनीति को चुनौती दें।
Live CJP Protest : हिंदू-मुस्लिम राजनीति पर उठाए सवाल
दीपके ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले कई वर्षों से देश को हिंदू-मुस्लिम राजनीति में उलझाकर रखा गया है, जबकि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य जैसे अहम मुद्दे पीछे छूट गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या धार्मिक ध्रुवीकरण से युवाओं को नौकरियां मिलीं या उनकी समस्याओं का समाधान हुआ।

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को बताया युवाओं की आवाज
अभिजीत दीपके ने कहा कि सीजेपी कोई योजनाबद्ध राजनीतिक दल नहीं, बल्कि उन लाखों छात्रों और युवाओं की आवाज है जो व्यवस्था से नाराज हैं। उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में इससे और अधिक छात्र जुड़ेंगे।
Live CJP Protest : जंतर-मंतर पर उमड़ी युवाओं की भीड़
प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र, युवा, पत्रकार और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने तिरंगा, किताबें और फूल लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखीं। सीजेपी की ओर से लगातार यह अपील की गई कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और अहिंसक तरीके से चलाया जाए।

आंदोलन को मिला कई हस्तियों का समर्थन
प्रदर्शन को सोनम वांगचुक के अलावा योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण और प्रियंका चतुर्वेदी जैसे सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई लोगों का समर्थन मिला। कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया से शुरू हुआ यह अभियान अब एक बड़े युवा आंदोलन का रूप ले सकता है।
Live CJP Protest : सुरक्षा के बीच जारी रहा प्रदर्शन
जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भारी बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, भर्ती प्रक्रियाओं में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित होने तक उनकी आवाज उठती रहेगी।








