Maharashtra Municipal Results: 16 जनवरी, शुक्रवार को महाराष्ट्र में हुए 29 नगर निगम चुनावों के नतीजे सामने आने वाले हैं। इन नतीजों के साथ ही राज्य भर के 893 वार्डों में करीब 15,931 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। शुक्रवार सुबह 10:00 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी और शाम से पहले प्रमुख परिणाम सामने आने की उम्मीद है।
बीएमसी पर टिकी सबसे ज्यादा निगाहें
इन नतीजों में सबकी निगाहें बीएमसी पर टिकी हुई हैं। दरअसल, बृहन्मुंबई नगर निगम का बजट 74,400 करोड़ रुपये से भी अधिक है और इसे देश का सबसे अमीर नगर निगम माना जाता है। बता दें कि बीएमसी में कुल 227 सीटों के लिए चुनाव कराए गए थे और यहां बहुमत के लिए 114 सीटों पर जीत जरूरी होगी।
Maharashtra Municipal Results: किस गठबंधन को कितनी सीटों की उम्मीद
भाजपा और शिंदे गुट के गठबंधन को इस चुनाव में लगभग 130 से 150 सीटें मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की एमएनएस के गठबंधन को करीब 58 से 68 सीटें मिलने की संभावना है। कांग्रेस और वीबीए गठबंधन को 12 से 16 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य और निर्दलीय उम्मीदवारों को करीब 6 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है।

महायुति को मिल सकता है बड़ा फायदा
हाल ही में सामने आए एग्जिट पोल्स के मुताबिक, इस बार महायुति को बड़ा फायदा मिलने की संभावना है। वहीं ठाकरे भाइयों के एकजुट होने के बावजूद उन्हें चुनाव में दूसरा स्थान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे पहले बीएमसी चुनाव वर्ष 2017 में हुए थे। वर्ष 2022 में चुनाव प्रस्तावित थे, लेकिन वार्ड सीमांकन और अन्य प्रक्रियाओं के कारण ये चुनाव नहीं हो सके थे।
मुख्य राजनीतिक गठबंधन इस प्रकार रहे:
- महायुति में भाजपा ने 137 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि शिंदे गुट की शिवसेना 90 सीटों पर मैदान में रही।
- महाविकास अघाड़ी खेमे में शिवसेना (यूबीटी) ने 163 सीटों पर और एमएनएस ने 52 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे।
- कांग्रेस गठबंधन के तहत कांग्रेस ने 143 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) ने 46 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए।
- अजित पवार की एनसीपी ने किसी भी गठबंधन के बिना अकेले चुनाव लड़ा और 94 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे।
Maharashtra Municipal Results: इन बड़े शहरों के नतीजे भी आज
15 जनवरी को मतदान कराया गया था। मुंबई में इस दौरान करीब 41 से 50 प्रतिशत तक मतदान हुआ। कुल मिलाकर 3.5 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डालने के पात्र थे।आज मुंबई के साथ-साथ पुणे, नागपुर, नासिक, ठाणे, नवी मुंबई, पिंपरी-चिंचवड़ और कल्याण-डोंबिवली जैसे बड़े शहरों के नतीजे भी सामने आएंगे।हाल ही में हुए अन्य स्थानीय निकाय चुनावों में महायुति का प्रदर्शन बेहतर रहा है। इसी कारण माना जा रहा है कि बीएमसी चुनाव में भी उन्हें इसका लाभ मिल सकता है।







