Home » मौसम » महाराष्ट्र में बारिश का कहर: मुंबई में पेड़ गिरने से बुजुर्ग की मौत, पिंपरी-चिंचवाड़ में दीवार ढही

महाराष्ट्र में बारिश का कहर: मुंबई में पेड़ गिरने से बुजुर्ग की मौत, पिंपरी-चिंचवाड़ में दीवार ढही

 Maharashtra Weather:

Maharashtra Weather: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। राज्य के कई हिस्सों में जलभराव, पेड़ गिरने और दीवार ढहने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। रविवार को मुंबई के कुर्ला इलाके में पेड़ गिरने से एक 63 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि पिंपरी-चिंचवाड़ में सुरक्षा दीवार गिरने से दो मजदूर घायल हो गए।

Maharashtra Weather: कुर्ला में दुकान पर पेड़ गिरने से बुजुर्ग की मौत-

रविवार दोपहर करीब 12:40 बजे मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित नौपाडा इलाके में हिंदी बीएमसी स्कूल के पास एक दुकान पर अचानक पेड़ गिर गया। हादसे में 63 वर्षीय यूनुस कुंडावाला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मलबे से निकालकर फौजिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, बेस्ट (BEST) और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

Maharashtra Weather: कुछ दिन पहले स्कूल बस पर पेड़ गिरने से गई थी बच्चे की जान-

यह हादसा 30 जून को चेंबूर में हुए उस दर्दनाक हादसे के कुछ दिन बाद हुआ है, जब चलती स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी और कई अन्य लोग घायल हुए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहर में पेड़ों की सुरक्षा और मानसून तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पिंपरी-चिंचवाड़ में दीवार गिरने से दो मजदूर घायल-

उधर, पिंपरी-चिंचवाड़ की एक रिहायशी कॉलोनी में भारी बारिश के बीच सुरक्षा दीवार ढह गई। हादसे में दो मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बारिश जारी रही तो खाली कराए जा सकते हैं घर-

फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अगर बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो आसपास के मकानों को एहतियातन खाली कराया जा सकता है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़े- शक्ति केंद्र मजबूत होंगे तो 2027 में दोहराएंगे बड़ी जीत : योगी आदित्यनाथ