Home » पश्चिम बंगाल » चुनाव नतीजों के बाद बंगाल में बढ़ा तनाव, फ्लाइट में महुआ मोइत्रा के खिलाफ नारेबाजी

चुनाव नतीजों के बाद बंगाल में बढ़ा तनाव, फ्लाइट में महुआ मोइत्रा के खिलाफ नारेबाजी

Mahua Moitra Flight Incident: पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद से राज्य में लगातार हिंसा और विरोध की घटनाएं सामने आ रही हैं। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं को कई जगहों पर विरोध का सामना करना पड़ रहा है। अब इस तनाव का असर हवाई यात्रा में भी देखने को मिला है।

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में कुछ लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने फ्लाइट के अंदर “जय श्रीराम” के नारे लगाए जाने का एक वीडियो भी शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।महुआ मोइत्रा ने इस मामले को गंभीर बताते हुए एयरलाइन से शिकायत की है और कार्रवाई की मांग की है।

फ्लाइट में क्या हुआ?

महुआ मोइत्रा के अनुसार, वह आधिकारिक काम के सिलसिले में दिल्ली जा रही थीं। उन्हें रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में शामिल होना था। उन्होंने बताया कि वह इंडिगो की फ्लाइट 6E 719 में सीट 1F पर बैठी थीं।

महुआ ने कहा कि 4 से 6 पुरुषों का एक समूह फ्लाइट में चढ़ा और उन्हें लगातार घूरता रहा। इसके बाद वे विमान के पीछे जाकर बैठ गए। सांसद के मुताबिक, विमान के उतरने और दरवाजे खुलने से पहले उन लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी और उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया।उन्होंने कहा कि इसे “जनता का गुस्सा” नहीं कहा जा सकता, बल्कि यह सीधा उत्पीड़न और उनकी सुरक्षा का उल्लंघन है।

Mahua Moitra Flight Incident: एयरलाइन और सरकार से कार्रवाई की मांग

महुआ मोइत्रा ने एयरलाइन से मांग की है कि फ्लाइट क्रू की रिपोर्ट निकाली जाए और नारेबाजी करने वाले लोगों की पहचान सार्वजनिक की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित लोगों को नो-फ्लाई लिस्ट में डाला जाना चाहिए ताकि भविष्य में वे हवाई यात्रा न कर सकें।

इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू से भी मामले में हस्तक्षेप कर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।

“पहले नजरअंदाज किया था” – महुआ मोइत्रा

एक अन्य पोस्ट में महुआ मोइत्रा ने कहा कि यह भाजपा की राजनीति और संस्कृति को दिखाता है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने इस घटना को नजरअंदाज कर दिया था और एयरपोर्ट से सीधे अपनी मीटिंग के लिए चली गई थीं।

हालांकि बाद में जब लोगों ने उन्हें वह वीडियो भेजा, जिसे सोशल media पर वायरल किया जा रहा था, तब उन्होंने इसका विरोध करने का फैसला किया।

महुआ के अनुसार, एयरलाइन की ओर से उन्हें बताया गया कि कार्रवाई के लिए औपचारिक शिकायत जरूरी है। इसके बाद उन्होंने आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई और मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी है।