Home » उत्तर प्रदेश » शादी के बाद पहली बार मेरठ पहुंचीं मोनिका यादव: पति गौरव संग नौचंदी मेला घूमा, तीन दिन पहले लिए थे सात फेरे

शादी के बाद पहली बार मेरठ पहुंचीं मोनिका यादव: पति गौरव संग नौचंदी मेला घूमा, तीन दिन पहले लिए थे सात फेरे

मोनिका यादव पति संग नौचंदी मेले में पहुंचीं, तीन दिन पहले हुई शादी

Monica Yadav Meerut: समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव की पूर्व पत्नी और भाजपा नेता मोनिका यादव शादी के बाद पहली बार रविवार को मेरठ पहुंचीं। वह अपने पति और मेरठ जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी के साथ ऐतिहासिक नौचंदी मेले में शामिल हुईं। मेले में पहुंचने पर दोनों का बुके देकर स्वागत किया गया। इस दौरान मोनिका लाल रंग की साड़ी में नजर आईं।

दोनों ने मेले में हरियाणवी गायिका और कलाकार रेणुका पवार के डांस शो का आनंद लिया। इसके बाद उन्होंने मेले का भ्रमण किया और वहां मौजूद लोगों से मुलाकात भी की।

मोनिका यादव पति संग नौचंदी मेले में पहुंचीं, तीन दिन पहले हुई शादी
मोनिका यादव पति संग नौचंदी मेले में पहुंचीं, तीन दिन पहले हुई शादी

हाल ही में हुई है दूसरी शादी

मोनिका यादव और गौरव चौधरी ने 28 मई को हिमाचल प्रदेश में पारिवारिक सदस्यों की मौजूदगी में शादी की थी। यह दोनों की दूसरी शादी है।मोनिका इस समय भाजपा से जुड़ी हुई हैं और फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। वहीं, आजमगढ़ से सांसद धर्मेंद्र यादव से उनका वर्ष 2016 में तलाक हो चुका था। दूसरी ओर गौरव चौधरी भी अपनी पहली पत्नी से तलाक ले चुके हैं।

बताया जाता है कि पिछले करीब एक साल से दोनों के बीच बातचीत चल रही थी। उनकी पहली मुलाकात मुख्यमंत्री आवास में हुई थी, जिसके बाद दोनों एक-दूसरे के करीब आए।

Monica Yadav Meerut: 2027 के चुनाव को लेकर क्या कहा?

नौचंदी मेले में मीडिया से बातचीत करते हुए मोनिका यादव ने कहा कि उन्हें मेरठ के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक नौचंदी मेले में आने का अवसर गौरव चौधरी की वजह से मिला है।वहीं गौरव चौधरी ने कहा कि वह मोनिका को यहां इसलिए लेकर आए हैं ताकि वह इस क्षेत्र की पौराणिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जान सकें।

साल 2027 के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर गौरव ने कहा कि फिलहाल दोनों जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियां पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे दोनों भाजपा के कार्यकर्ता हैं और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका पालन करेंगे।

मोनिका यादव का राजनीतिक परिवार

मोनिका यादव पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव की बेटी हैं। नरेंद्र सिंह यादव छह बार विधायक रह चुके हैं और मुलायम सिंह यादव तथा अखिलेश यादव की सरकारों में मंत्री भी रहे हैं।उन्होंने वर्ष 1985 में कांग्रेस के टिकट पर अपना पहला चुनाव जीता था। बाद में समाजवादी पार्टी के गठन के समय वह मुलायम सिंह यादव के साथ जुड़ गए।

मोनिका के दादा राजेंद्र सिंह यादव भी उत्तर प्रदेश की राजनीति का बड़ा नाम रहे हैं। वह प्रजा समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे और यूपी सरकार में मंत्री भी रह चुके थे। राजेंद्र सिंह यादव फर्रुखाबाद की शमशाबाद और मोहम्मदाबाद विधानसभा सीटों से सात बार विधायक चुने गए थे। मोनिका इस राजनीतिक परिवार की तीसरी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती हैं।

Monica Yadav Meerut: मोनिका यादव पति संग नौचंदी मेले में पहुंचीं, तीन दिन पहले हुई शादी
मोनिका यादव पति संग नौचंदी मेले में पहुंचीं, तीन दिन पहले हुई शादी

सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं

मुलायम सिंह यादव से करीबी संबंधों के चलते नरेंद्र सिंह यादव ने अपनी बेटी मोनिका की शादी अखिलेश यादव के चचेरे भाई और सांसद धर्मेंद्र यादव से कराई थी।हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव आ गया। वर्ष 2016 के पंचायत चुनाव में मोनिका यादव को उम्मीदवार बनाया गया था, लेकिन पार्टी की अंदरूनी राजनीति के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

इसी दौरान धर्मेंद्र यादव और मोनिका यादव का तलाक हो गया। बाद में धर्मेंद्र यादव ने दूसरी शादी कर ली। वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव से पहले मोनिका ने समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा के समर्थन से वह जिला पंचायत अध्यक्ष बनने में सफल रहीं।

जर्मनी से लौटकर राजनीति में आए गौरव चौधरी

मेरठ के कुसेड़ी गांव निवासी गौरव चौधरी की यात्रा भी काफी दिलचस्प रही है।साल 2006 में वह बैचलर ऑफ इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई के लिए जर्मनी गए थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने वहीं रहकर होटल, रियल एस्टेट और होलसेल स्टोर का बड़ा कारोबार खड़ा किया।

हालांकि, कारोबार सफल होने के बावजूद वर्ष 2021 में वह भारत लौट आए। भारत आने के केवल चार महीने बाद उन्होंने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा और बाद में निर्विरोध मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए।

मुख्यमंत्री आवास में हुई थी पहली मुलाकात

मोनिका यादव और गौरव चौधरी की पहली मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान हुई थी।वर्ष 2021 में जिलों के विकास मॉडल पर प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम रखा गया था। गौरव के पास अंतरराष्ट्रीय बिजनेस का अनुभव था, जबकि मोनिका को कॉर्पोरेट क्षेत्र में काम करने का अनुभव था। इसी कारण दोनों को विशेष रूप से इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था।

उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग की इस बैठक में विकास से जुड़े मुद्दों पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और समय के साथ दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए।

मोनिका यादव पति संग नौचंदी मेले में पहुंचीं, तीन दिन पहले हुई शादी
मोनिका यादव पति संग नौचंदी मेले में पहुंचीं, तीन दिन पहले हुई शादी

नौचंदी मेले का 400 साल पुराना इतिहास

मेरठ का नौचंदी मेला करीब 400 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। इसे हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक माना जाता है।मेले के परिसर में एक ओर प्राचीन मंदिर स्थित है, जहां मान्यता है कि मंदोदरी पूजा करने आती थीं। वहीं दूसरी ओर एक मजार भी मौजूद है।मेले की शुरुआत के समय मंदिर में पूजा-अर्चना और नारियल चढ़ाया जाता है, जबकि मजार पर चादर पेश की जाती है। यह परंपरा दोनों समुदायों की साझी संस्कृति को दर्शाती है।

हर साल बदलती है आयोजन की जिम्मेदारी

नौचंदी मेले के आयोजन की जिम्मेदारी बारी-बारी से जिला पंचायत और नगर निगम को सौंपी जाती है।आमतौर पर नवरात्र के बाद पूजा के साथ मेले का उद्घाटन कर दिया जाता है, लेकिन इस बार दुकानों, झूलों और अन्य व्यवस्थाओं को तैयार करने में समय लगने के कारण आयोजन में देरी हुई।इस वर्ष 13 मई को प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने मेले का उद्घाटन किया था। साल 2026 में मेले के आयोजन की जिम्मेदारी जिला पंचायत के पास है।

ये भी पढ़े…दिल्ली के आईटीओ स्थित कार्यालय में आग: दूसरी मंजिल से उठा धुआं, 8 दमकल गाड़ियां पहुंचीं