Monsoon Update: मानसून की सक्रियता के बाद उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। रुद्रप्रयाग, चमोली समेत कई जिलों में भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो गई हैं। बद्रीनाथ और केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को फिलहाल रोक दिया है।
मुंबई में रेड अलर्ट, समुद्र से दूर रहने की सलाह
महाराष्ट्र में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में मुंबई में 172 मिमी बारिश दर्ज की गई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने समुद्र में 15 फीट तक ऊंची लहरें उठने की चेतावनी देते हुए लोगों से समुद्र तटों से दूर रहने की अपील की है। साकीनाका क्षेत्र में खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई।
Monsoon Update: दिल्ली और राजस्थान में मानसून की दस्तक
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार को निर्धारित समय से सात दिन की देरी से राजस्थान और पांच दिन की देरी से दिल्ली में प्रवेश किया। राजधानी दिल्ली में सुबह से लगातार बारिश हो रही है, जबकि राजस्थान के जयपुर, दौसा समेत 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
Monsoon Update: मध्य प्रदेश में 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून शहडोल और नर्मदापुरम समेत सात संभागों तक पहुंच चुका है और जल्द ही ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में भी दस्तक दे सकता है। हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट समेत 13 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 100 से 200 मिमी तक बारिश होने की संभावना है। इंदौर में तेज बारिश के दौरान एक कार नाले में गिर गई, जबकि सीहोर में तेज बहाव में बाइक बहने की घटना सामने आई।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 जुलाई को छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, झारखंड, केरल, गोवा, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बिहार में तेज आंधी चलने की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती क्षेत्र में हीटवेव का असर जारी रहने का अनुमान है।
यह भी पढे़ : 20 साल बाद राबड़ी देवी ने खाली किया सरकारी बंगला, लालू परिवार निजी आवास में हुआ शिफ्ट








