MP Congress: मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाला बच्चन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग, फिर भी हालात बदतर
बाला बच्चन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के दो साल के कार्यकाल पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि गृह विभाग का प्रभार खुद मुख्यमंत्री के पास होने के बावजूद प्रदेश में प्रशासनिक लापरवाही और अराजकता बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री गृहमंत्री के रूप में पूरी तरह असफल रहे हैं।
MP Congress: ‘विकास और सेवा’ सिर्फ मीडिया तक सीमित
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार विकास और सेवा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। पिछले दो वर्षों में प्रदेश ने केवल धोखे और कर्ज का शासन देखा है, जहां हर नागरिक पर औसतन 50 हजार रुपये का कर्ज लाद दिया गया है। बाला बच्चन ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का पुलिस बल पर नियंत्रण पूरी तरह समाप्त हो चुका है। पुलिस को मनमानी और अत्यधिक बल प्रयोग का खुला लाइसेंस मिल गया है, जिससे आम जनता के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
हिरासत में मौतों में बढ़ोतरी का दावा
कांग्रेस विधायक ने दावा किया कि भाजपा शासनकाल में हिरासत में मौतों के मामलों में चिंताजनक बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार हिरासत में मौतों की संख्या में करीब 23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जिस पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।
MP Congress: पुलिस पर हमले और बढ़ते अपराध
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिसकर्मियों पर हमले के सैकड़ों मामले सामने आए हैं, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए और कुछ की जान भी गई। वहीं महिलाओं के खिलाफ अपराध, तस्करी और अन्य गंभीर मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है, लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है। बाला बच्चन ने कहा कि मौजूदा हालात यह साबित करते हैं कि मोहन यादव सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह नाकाम हो चुकी है और आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है।
ये भी खबरे पढे… मुर्शिदाबाद में सॉकेट बमों की बड़ी बरामदगी, चुनाव से पहले बढ़ी प्रशासन की चिंता







